भरत भारद्वाज
फरसगांव – महिलाओं के प्रति अपराधों से संबंधित कानून के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा अभिव्यक्ति नारी सम्मान में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इसी जागरूकता अभियान के तहत पुलिस एसडीओपी अनिल कुमार विश्वकर्मा के द्वारा फरसगांव के शासकीय महाविद्यालय के छात्राओ को अभिव्यक्ति मोबाइल एप के बारे में जानकारी दी गई , साथ ही महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की बात पर जोर देते हुए प्रतियोगी परिक्षाओ की तैयारियों के बारे में चर्चा भी की गई ।
पुलिस एसडीओपी अनिल कुमार विश्वकर्मा के द्वार अभिव्यक्ति ऐप के प्रयोग के बारे में बताया गया, उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकार के प्रति जागरूक करना है , क्योंकि महिलाएं हिंसा व उत्पीड़न को चुपचाप सहती रहती है ,इससे कई प्रकार के अपराध को बढ़ावा मिलता है । महिलाओं को चुप रहने की बजाय, उन्हें इसके विरुद्ध आवाज बुलंद करना होगा। शासन ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई अन्य प्रकार की सेवाओं का संचालन कर रखा है। इन सेवाओं का उपयोग आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शत प्रतिशत साक्षर होना होगा। साक्षरता के आधार पर ही वे अपने अधिकार के प्रति आवाज बुलंद कर सकती हैं। मालूम रहे कि मौजूदा समय में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तहत जिले में वृहद पैमाने पर अभियान चलाकर महिलाओं समेत अन्य लोगों को उनके अधिकार के प्रति जागरूक किया जा रहा है ताकि महिला हिंसा व उत्पीड़न पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सकेगा। साथ ही एसडीओपी के द्वारा कॉलेज की छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के बारे में जानकारी देते हुए चर्चा किया गया । इस दौरान कालेज के प्राचार्य, प्रोफेसर , शिक्षक , शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे ।
