आशीष कुमार दुबे

नरसिंहपुर। जिला मुख्यालय स्थित प्रतिष्ठित होटल ‘कुसुम वैली’ में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात हुई लगभग 1 करोड़ रुपये की डकैती से पूरे शहर में हड़कंप मच गया। हालांकि, नरसिंहपुर पुलिस ने अपनी पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर वारदात का पर्दाफाश कर दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरी लूट की साजिश किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि होटल के ही भरोसेमंद मैनेजर ने रची थी।
नकाबपोशों ने दी थी दबिश
घटना आज दिनांक 03 फरवरी 2026 की तड़के लगभग 03:00 बजे की है। होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी कि 3-4 नकाबपोश बदमाशों ने होटल में जबरन घुसकर वहां रखी लगभग 1 करोड़ रुपये की नगद राशि लूट ली है। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने एडिशनल एसपी संदीप भूरिया और एसडीओपी मनोज गुप्ता के नेतृत्व में तीन विशेष टीमों का गठन कर घेराबंदी के निर्देश दिए।
मैनेजर की गद्दारी: लालच ने बनाया अपराधी
जांच के दौरान पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले और होटल स्टाफ से कड़ी पूछताछ की, तो रात्रिकालीन मैनेजर चंद्रेश रजक की भूमिका संदिग्ध मिली। तकनीकी साक्ष्यों के सामने आने पर मैनेजर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि होटल में रखे कैश को देखकर उसका ईमान डगमगा गया था। उसने उत्तर प्रदेश के अपने साथियों—अनुज और राकेश शुक्ला के साथ मिलकर इस डकैती की पूरी स्क्रिप्ट लिखी थी।
4 आरोपी गिरफ्तार, 60 लाख रुपये नकद बरामद
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड मैनेजर सहित 4 आरोपियों को दबोच लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई राशि में से 60 लाख रुपये बरामद किए जा चुके हैं।
पकड़े गए आरोपियों का विवरण:
चंद्रेश रजक: (मास्टरमाइंड मैनेजर) निवासी यादव कॉलोनी, नरसिंहपुर।
राकेश कुमार शुक्ला: निवासी लखीमपुर खीरी (U.P.), हाल निवासी नरसिंहपुर।
अनुज कुमार वाल्मीकि: निवासी लखीमपुर खीरी (U.P.), हाल निवासी नरसिंहपुर।
मोनू उर्फ टूईया वंशकार: निवासी रिपटा पार, नरसिंहपुर। (इसके पास से सर्वाधिक 45 लाख रुपये मिले)।
पुलिस टीम की बड़ी कामयाबी
इस अंधे केस को सुलझाने में निरीक्षक गौरव चाटे, सौरभ पटेल, मनीष मरावी, मूलचंद यादव और उनकी टीम के सायबर सेल के जवानों की मुख्य भूमिका रही। एसपी डॉ. ऋषिकेश मीना ने पूरी टीम की कार्यकुशलता की सराहना की है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्यवाही की जा रही है

Leave a Reply