सरस्वती सायकल वितरण योजना के तहत कुकानार विद्यालय में 17 छात्राओं को मिली सायकल, विधायक विनायक गोयल ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

चंद्रहास वैष्णव

सुकमा जिले के विकासखंड कुकानार स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुकानार में आज राज्य शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती सायकल वितरण योजना के अंतर्गत एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में अध्ययनरत 17 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क सायकल का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चित्रकोट विधायक श्री विनायक गोयल उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों को सायकल प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विनायक गोयल ने कहा कि सरस्वती सायकल वितरण योजना राज्य सरकार की एक अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ना तथा विशेषकर बालिकाओं की विद्यालय तक पहुँच को सुगम बनाना है। उन्होंने कहा कि सायकल मिलने से बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ेगी, समय की बचत होगी और पढ़ाई के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा।

श्री गोयल ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है। आज सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ उठाकर बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए और आगे चलकर अपने माता-पिता, गांव और जिले का नाम रोशन करना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों को सही मार्गदर्शन प्रदान करें और उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दें।

इस अवसर पर कार्यक्रम में मण्डल अध्यक्ष आयता मण्डावी, जिला मंत्री रैतुराम बघेल, उपेंद्र सिंह चौहान, जनपद उपाध्यक्ष हरिप्रसाद कश्यप, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष हिरमा कुंजाम,रिन्टु भदौरिया, श्रीमती नन्दा मण्डावी,मुन्नु सिंह,जलन कश्यप,सिताराम नाग,संजय भदौरिया, सुरेश चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Express MPCG

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *