*हिंदू नेतृत्व जीवन रक्षा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष धनंजय सवाई ने अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण केंद्र का किया निरीक्षण और बढ़ाया युवाओं का उत्साह*

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, कोंडागांव द्वारा विकास नगर स्टेडियम ग्राउंड में संचालित निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण केंद्र का दिनांक 20 नवंबर 2026 को हिंदू नेतृत्व जीवन रक्षा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री धनंजय सवाई ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ‘बस्तर फाइटर’ भर्ती के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 155 युवक एवं युवतियों का मार्गदर्शन किया। ​कार्यक्रम के आरंभ में परिषद के पदाधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि श्री धनंजय सवाई का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात उन्हें ‘बस्तर फाइटर’ भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंतर्गत कराए जा रहे 800 मीटर दौड़, गोला फेंक, ऊंची कूद, लंबी कूद और 100 मीटर स्प्रिंट के प्रशिक्षण का प्रत्यक्ष प्रदर्शन दिखाया गया।
​प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए श्री धनंजय सवाई ने युवाओं को सैन्य एवं पुलिस सेवा में जाने के लिए कड़ी मेहनत करने हेतु प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं से “राष्ट्र प्रथम, सदैव एवं सर्वदा” के सिद्धांत को आत्मसात कर उसी मार्ग पर चलने का आह्वान किया। ​उन्होंने कोंडागांव जिले के पूर्व सैनिकों के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के पश्चात भी पूर्व सैनिकों ने देश सेवा के अपने संकल्प को जीवित रखा है और अब वे समाज सेवा व युवा निर्माण के महत्वपूर्ण कार्य में जुटे हुए हैं और बस्तर संभाग के युवाओं के लिए वरदान साबित हो रहे हैं l स्टेडियम के पश्चात श्री सवाई ने अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के कार्यालय का भ्रमण किया। यहां परिषद के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से परिषद के विगत 7 वर्षों के क्रियाकलापों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परिषद के द्वारा कोंडागांव ब्लॉक, फरसगांव ब्लॉक, बडेराजपुर ब्लॉक और केशकाल ब्लॉक में भी निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण चलाया जा रहा है इसके अतिरिक्त परिषद द्वारा स्वच्छता अभियान, रक्तदान, यातायात एवं मतदाता जन-जागरूकता अभियान तथा वृक्षारोपण जैसे सामाजिक कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। ​उल्लेखनीय है कि परिषद द्वारा अब तक लगभग 32,000 युवाओं को निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 600 युवा विभिन्न सुरक्षा बलों में चयनित होकर देश सेवा कर रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान परिषद की ओर से श्री धनंजय सवाई एवं उनके सुपुत्र श्री सानिध्य सवाई को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। ​अंत में परिषद के जिला अध्यक्ष सूरज यादव ने उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा जताई। इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, मीडिया प्रभारी कमलेश्वर ध्रुव, सदस्य श्रीकांत तिवारी, रतिराम सोरी, ढालेश साहू सहित निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 155 युवक एवं युवतियां उपस्थित रहे।