भानुप्रतापपुर में शिक्षक का शव मिलने से सनसनी, घर का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना

भानुप्रतापपुर,रिपुदमन सिंह बैस

भानुप्रतापपुर। नगर के दल्ली रोड स्थित डीडी कैफे के पीछे एक मकान में देर शाम शिक्षक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि शिक्षक के घर का दरवाजा बीते दिन से नहीं खुल रहा था, जिसके बाद पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। पड़ोसियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ठाकुर एवं थाना प्रभारी अंबर सिंह भारद्वाज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने पर शिक्षक घर के दरवाजे के पास मृत अवस्था में मिले।

घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण करते हुए प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शिक्षक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

फिलहाल पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ और घटनास्थल से संबंधित साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही शिक्षक की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।