बस्तर फाइटर्स भर्ती: 79 पदों को लेकर युवाओं का आक्रोश, NH-30 पर चक्काजाम की कोशिश नाकाम

चंद्रहास वैष्णव

बस्तर फाइटर्स विशेष बल आरक्षक भर्ती में बस्तर जिले के लिए निर्धारित पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर युवाओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को युवाओं ने नेशनल हाईवे-30 पर चक्काजाम करने का प्रयास किया, लेकिन पहले से तैनात पुलिस जवानों ने बैरिकेडिंग कर उन्हें हाईवे तक पहुंचने से रोक दिया। इसके बाद युवाओं ने मौके पर ही जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब एक घंटे तक प्रदर्शन और गहमागहमी का माहौल बना रहा। हालांकि पुलिस की तत्परता के चलते चक्काजाम नहीं हो सका और हाईवे पर यातायात प्रभावित नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, अपनी मांगों को लेकर युवा बस्तरिया राज मोर्चा के बैनर तले पहले कलेक्टोरेट के सामने प्रदर्शन कर चुके हैं। शुक्रवार को युवाओं ने कलेक्टोरेट से आमागुड़ा स्थित नेशनल हाईवे-30 तक रैली निकाली। जैसे ही प्रदर्शनकारियों ने हाईवे पर चक्काजाम करने की कोशिश की, पुलिस बल ने उन्हें बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद युवाओं ने मौके पर ही विरोध प्रदर्शन जारी रखा।

##79 पदों पर भर्ती से नाराजगी##
दरअसल, सरकार ने बस्तर संभाग में 1588 पदों पर बस्तर फाइटर्स आरक्षक भर्ती को मंजूरी दी है। 26 सितंबर को जारी जिलेवार रिक्तियों के अनुसार बस्तर जिले में 199 पद रिक्त हैं, लेकिन इनमें से केवल 40 प्रतिशत यानी 79 पदों पर भर्ती की अनुमति दी गई है। वहीं बीजापुर, नारायणपुर और सुकमा जिलों में 75 प्रतिशत रिक्त पदों के आधार पर भर्ती की मंजूरी दी गई है। इसी अंतर को लेकर युवाओं में नाराजगी है।