*डाक का वितरण सेम डे हो : अधीक्षक डाकघर* _बेहतर डाक वितरण, स्पीड पोस्ट बुकिंग और बीमा व्यवसाय बढ़ाने पर दिया जोर, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी हुए सम्मानित_

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कोंडागांव। सामुदायिक भवन चिखलपुटी में 6 नवंबर, शुक्रवार को डाक विभाग के कर्मचारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधीक्षक डाकघर श्री मोहम्मद नियाजुद्दीन ने उपडाकघर कोंडागांव एवं मर्दापाल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न शाखा डाकघरों के कर्मचारियों से विस्तृत चर्चा की तथा विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के दौरान ग्रामीण डाक सेवकों द्वारा मेल, पीओएसबी एवं आरपीएलआई से संबंधित कार्यों की बारीकी से समीक्षा की गई। अधीक्षक डाकघर ने डाक वितरण व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्राप्त डाक का उसी दिन वितरण (सेम डे डिलीवरी) सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिक से अधिक स्पीड पोस्ट की बुकिंग करने तथा आम नागरिकों को डाक विभाग की सभी सेवाओं का लाभ सरल, सुलभ एवं सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कर्मचारियों को विभागीय लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति के साथ बेहतर ग्राहक सेवा, बीमा व्यवसाय में वृद्धि तथा डाक विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रेरित किया। बैठक में उपसंभागीय निरीक्षक कोंडागांव श्री सुभाष भुआर्य एवं श्री शशि प्रकाश दुबे, डाक सहायक एवं मास्टर ट्रेनर श्री दयाराम ध्रुव, डाक अधिदर्शक श्री हरेंद्र यादव, वरिष्ठ डाक कर्मचारी श्री सूर्य प्रसाद दीवान एवं श्री पीयूष सिन्हा सहित उपडाकघर कोंडागांव एवं मर्दापाल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न शाखा डाकघरों के कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्रामीण डाक सेवकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बीमा व्यवसाय में सर्वाधिक प्रीमियम अर्जित करने, सर्वाधिक स्पीड पोस्ट बुकिंग करने तथा सेम डे डिलीवरी सुनिश्चित करने वाले शाखा डाकपालों को उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले कर्मचारियों में डिकेश मिर्झा, अनिल दीवान, सतीश, मनीष साहू, निर्मल, गोलू यादव, भारत साहू, पीतम बाकड़े, दीपक एवं राधा कश्यप शामिल रहे। अधीक्षक श्री नियाजुद्दीन ने सम्मानित कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए अन्य कर्मचारियों को भी इसी प्रकार लगन, निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।