*बालोद में जिला स्तरीय पश्चिम भारत विज्ञान मेला एवं बाल वैज्ञानिक प्रतियोगिता 2026-27 का सफल आयोजन*

विनोद जैन

बालोद – शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालोद में आज जिला स्तरीय पश्चिम भारत विज्ञान मेला एवं बाल वैज्ञानिक प्रतियोगिता 2026-27 का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों बालोद, डौंडी लोहारा, डौंडी एवं गुण्डरदेही से ब्लॉक स्तर पर चयनित छात्र-छात्राओं तथा उनके मार्गदर्शक शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों में रुचि एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं द्वारा विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी, विज्ञान नाटिका, प्रश्नोत्तरी, विज्ञान प्रोजेक्ट एवं शिक्षक संगोष्ठी सहित विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नवाचारपूर्ण मॉडल एवं वैज्ञानिक परियोजनाएं विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन हेतु बी. एन. योगी, रूपेश कश्यप एवं श्री लोचन देशमुख ने निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य श्रीमती हेमलता गंगबेर ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर बी. आर. साहू, साकेत वर्मा, डी. एन. तिवारी, सूर्यकांत सिन्हा, श्रीमती अनीता पद्माकर, श्रीमती नीलू सोनी, श्रीमती विनीता दिल्लीवार, श्रीमती शैल देशमुख, श्रीमती ऋचा मीका, श्रीमती सरिता ठाकुर, श्रीमती गीतिका दुबे एवं भावना साहू की उपस्थिति एवं सहयोग विशेष रूप से सराहनीय रहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय कार्यक्रम प्रभारी श्री राजेंद्र कुमार वर्मा द्वारा किया गया, जबकि मंचीय संचालन श्री मोहम्मद अशरफ तिगाला ने किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उत्कृष्ट एवं चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए। जिला स्तर पर चयनित छात्र-छात्राएं आगामी 16 नवंबर 2026 को जेआरडी, दुर्ग में आयोजित जोन स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
अंत में श्री एम. के. थावरे ने उपस्थित अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, रचनात्मकता एवं नवाचार को प्रदर्शित करने का एक सशक्त मंच प्रदान किया।