*केंद्रीय विद्यालय कोंडागांव में मनाया गया दादा-दादी, नाना-नानी दिवस* *बुजुर्गों के सम्मान और पारिवारिक रिश्तों की मिठास का दिया संदेश*

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कोंडागांव, 4 नवंबर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कोंडागांव में बुधवार को प्राचार्य श्री नंदकिशोर वासनिक के मार्गदर्शन में दादा-दादी एवं नाना-नानी दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं के दादा-दादी एवं नाना-नानी को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात बच्चों ने अपने दादा-दादी एवं नाना-नानी के सम्मान में मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। छात्र-छात्राओं ने आकर्षक नृत्य, सामूहिक नृत्य, नाट्य प्रसंग एवं भाषण सहित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा दादा-दादी एवं नाना-नानी का सम्मान किया गया। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों के बीच विभिन्न खेल एवं मनोरंजक स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। खेलों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों और उनके बुजुर्गों के बीच प्रेम, सम्मान एवं भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना तथा बच्चों में परिवार के वरिष्ठ सदस्यों के प्रति आदर और संस्कारों की भावना विकसित करना था। इस आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में पारिवारिक स्नेह, अपनत्व और खुशी का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम ने बच्चों और उनके दादा-दादी एवं नाना-नानी के बीच रिश्तों की मिठास को और गहरा किया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राएं, पालकगण एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।