यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
कोंडागांव देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के शुभ अवसर पर राष्ट्रीय समाचार पत्र ‘पायनियर’ द्वारा होटल राजहंस में ‘हमारा बस्तर – बदलता बस्तर 2.0’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया जिसमें समाज में अच्छा काम करने वाले और राष्ट्र सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में समाज और राष्ट्र निर्माण में उत्कृष्ट योगदान के लिए अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा और जिला अध्यक्ष सूरज यादव को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी एवं पायनियर अखबार के संपादक डॉ. ए. एन. द्विवेदी द्वारा दोनों पूर्व सैनिकों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पूर्व सैनिक सुब्रत साहा और सूरज यादव ने भारतीय सेना में अपनी सेवा देकर देश की रक्षा की, और वर्दी उतरने के बाद भी उनके भीतर का राष्ट्र सेवा का जज्बा आज भी पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ जीवित है। ऐसे व्यक्तित्व पूरे समाज के लिए सच्ची प्रेरणा हैं। परिषद के माध्यम से इन दोनों पूर्व सैनिकों ने बस्तर संभाग के हजारों युवक-युवतियों को देश सेवा के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने युवाओं को पुलिस बल, बस्तर फाइटर, अग्निवीर भर्ती सहित विभिन्न सुरक्षा बलों में रोजगार प्राप्त करने के योग्य बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका यह योगदान केवल रोजगार दिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से वे युवाओं के भीतर राष्ट्र प्रेम, आत्मविश्वास और सेवा भावना का अद्भुत निर्माण कर रहे हैं। आज समाज सेवा का शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र बचा हो जहाँ इनकी सक्रियता और सहभागिता दिखाई न देती हो। “वर्दी में रहते हुए देश की सेवा और वर्दी से बाहर आकर समाज की सेवा”—उनका यह जीवन वास्तव में अभिनंदनीय और अनुकरणीय है।
इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक के प्रदेश प्रभारी मनोज जैन, फरसगांव नगर पंचायत अध्यक्ष प्रशांत पात्रे, अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अन्य गणमान्य सदस्य श्रीकांत तिवारी, राकेश धीवर और ढालेश साहू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और सम्मानित अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया।
