*बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2.38 करोड़ रुपये का 476.5 किलो गांजा जब्त, 3 नाबालिगों समेत 7 तस्कर गिरफ्तार ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे गांजे की खेप; पिकअप और पायलट कर रही मोटरसाइकिल सहित 6 मोबाइल जब्त*

चंद्रहास वैष्णव

बस्तर जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बस्तर पुलिस को गांजा तस्करी के एक बड़े मामले में सफलता मिली है। पुलिस ने बोधघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए 476.500 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित बाजारू कीमत करीब 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में 3 नाबालिगों सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर अड़ावाल रेलवे फाटक के पास घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन में पुलिस लगातार मादक पदार्थों की तस्करी पर नजर बनाए हुए थी। 5 नवंबर 2026 की सुबह थाना बोधघाट को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से सफेद रंग की पिकअप गाड़ी (क्रमांक CG 17 KL 0411) में गांजा लोड कर जगदलपुर की ओर लाया जा रहा है।

सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन और उप पुलिस अधीक्षक चन्द्रहास सिन्हा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी तामेश्वर चौहान के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने ग्राम अड़ावाल स्थित रेलवे फाटक के पास एमसीपी (चेकिंग) कार्रवाई शुरू की। इस दौरान मुखबिर के बताए अनुसार लाल रंग की मोटरसाइकिल पर पिकअप की पायलेटिंग कर रहे दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए, जिनके पीछे पिकअप वाहन आ रहा था। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, जिन्हें घेराबंदी कर धर दबोचा गया।

15 बोरियों में छिपाकर रखे थे 450 पैकेट
वाहनों की तलाशी लेने पर पिकअप के डाला में रखी 15 सफेद रंग की बोरियों के अंदर से 450 पैकेटों में भरा कुल 476.500 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस खेप को ओडिशा से उत्तर प्रदेश परिवहन कर रहे थे। पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को बंडल बनाकर पैक किया गया था और आगे-आगे बाइक से पायलेटिंग की जा रही थी।

गिरफ्तार आरोपी
पकड़े गए सभी आरोपी ग्राम कोंटामाड़ी, थाना कोरकोंडा, जिला मलकानगिरी (ओडिशा) के निवासी हैं:

भगवान पांगी पिता हरि पांगी (उम्र 25 वर्ष)
घांसी खिलो पिता सुंदरो खिलो (उम्र 21 वर्ष)
चित्रसेन गल्लोरी पिता कमलू गल्लोरी (उम्र 22 वर्ष)
रोहणी गल्लोरी पिता लछु गल्लोरी (उम्र 27 वर्ष)
तीन विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)

जब्त संपत्ति
अवैध मादक पदार्थ गांजा: 476.500 किग्रा (कीमत लगभग ₹2,38,25,000)
वाहन: एक सफेद रंग की स्विफ्ट पिकअप (CG 17 KL 0411) एवं एक मोटरसाइकिल (OD 30 B 6256)
मोबाइल: 6 पुराने इस्तेमाल किए गए टच स्क्रीन मोबाइल (कीमत लगभग ₹60,000)
नकदी: ₹1,500 नकद
आरोपियों के विरुद्ध थाना बोधघाट में धारा 20(b)(ii)(C) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर विशेष एनडीपीएस न्यायालय जगदलपुर में पेश किया गया है।

सराहनीय भूमिका: इस कार्रवाई में निरीक्षक तामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक ललित सिंह नेगी, पीएसआइ अफसाना, सउनि दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग, पवन श्रीवास्तव, सुनील मनहर, प्रकाश मनहर, मयाराम कश्यप एवं आरक्षक विजय तिर्की, दीपक मिंज, युवराज ठाकुर, परमानंद भोयर, कामदेव दर्रो, राम ठाकुर और थानेन्द्र सिन्हा की सराहनीय भूमिका रही।