चंद्रहास वैष्णव

शहर के संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में हुई लाखों-करोड़ों रुपये के सोने के आभूषणों की चोरी के मामले में बस्तर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 765.7 ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन, एक ऑटो और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालिका को भी पकड़ा गया है, जिसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह बेहद शातिर तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह की महिलाएं और बच्चे भीड़भाड़ वाली दुकानों में समूह बनाकर प्रवेश करते थे और दुकानदार का ध्यान भटकाकर कीमती सामान पार कर देते थे। वहीं गिरोह के पुरुष सदस्य पहले दुकानों की रेकी करते थे और चोरी किए गए सामान को छिपाने तथा खपाने की जिम्मेदारी संभालते थे।
##त्योहार की भीड़ में पार किया था सोने से भरा बॉक्स##
घटना 7 नवंबर 2026 की शाम करीब 4:30 बजे की है। संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में त्योहारी खरीदारी के चलते काफी भीड़ थी। इसी दौरान महिलाओं और बच्चों का एक समूह दुकान में पहुंचा। महिलाओं ने आभूषण देखने के बहाने दुकानदार का ध्यान भटकाया और इसी दौरान एक महिला ने दराज में रखा सोने के आभूषणों से भरा प्लास्टिक बॉक्स निकालकर एक नाबालिग बालिका को दे दिया। इसके बाद पूरा समूह दुकान से निकल गया।
शाम करीब 7:30 बजे जब दुकान संचालिका ने सोने के टॉप्स वाला बॉक्स तलाश किया तो वह गायब मिला। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर चोरी की पूरी करतूत सामने आई। इसके बाद कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
##150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग##
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक अंशिका जैन के पर्यवेक्षण में कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर सेल की मदद और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 17 C 3511 पुलिस के संदेह के दायरे में आई। वाहन मालिक से पूछताछ में पता चला कि उसने गाड़ी दुआ मोटर्स को बेच दी थी। दुआ मोटर्स से मिली जानकारी के आधार पर वाहन खरीदने वाले मासों कश्यप तक पुलिस पहुंची। इसके बाद पुलिस की चार टीमें कोड़ेनार थाना क्षेत्र के पथरीली उड़वा गांव रवाना की गईं।
##जंगल में छिपे आरोपियों को ड्रोन और थर्मल कैमरे से तलाशा##
पुलिस के गांव पहुंचने से पहले ही संदिग्ध आरोपी चोरी के सामान के साथ जंगल की ओर भाग गए थे। पुलिस टीम ने रात में जंगल की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की। विशाल जंगल और ऊंची घास के कारण तलाशी अभियान चुनौतीपूर्ण हो गया। ऐसे में थर्मल कैमरे और ड्रोन की मदद से संभावित ठिकानों की निगरानी की गई। पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग टीमों में पैदल गश्त कर आरोपियों को तलाशा और अंततः उन्हें अलग-अलग स्थानों से अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर 765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस ने पांच आरोपियों को 11 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालिका को न्यायालय में पेश किया गया।
##ये पांच आरोपी गिरफ्तार##
* फूलों कश्यप, पति मासों, उम्र 30 वर्ष।
* मासों कश्यप, पति बूदरू कश्यप, उम्र 30 वर्ष।
* पसली माड़वी, पति जंतु माड़वी, उम्र 55 वर्ष।
* शंकर माड़वी, पिता मोसूराम, उम्र 27 वर्ष।
* परमेश कश्यप, पिता मंडा राम, उम्र 21 वर्ष।
*
सभी आरोपी पथरीली उड़वा, थाना कोड़ेनार क्षेत्र के निवासी हैं।
##तीन आरोपी अब भी फरार, तलाश जारी##
पुलिस के अनुसार, मामले में मासों कश्यप, बूदरू कश्यप और चिंटू मंडावी अभी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
जब्त सामग्री: 765.7 ग्राम सोने के विभिन्न आभूषण, एक स्कॉर्पियो, एक तीनपहिया ऑटो और एक मोटरसाइकिल।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, प्रमोद ठाकुर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, अमित सिदार सहित कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को शहर में हुई बड़ी चोरी के खुलासे के रूप में देखा जा रहा है।
