गरनार स्टील प्लांट में बड़ा हादसा: भारी लोहे की चपेट में आने से ऑपरेटर की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल मृतक की पहचान मंगल साय के रूप में हुई, छोटे देवड़ा का निवासी था युवक; एसएमएस शाखा में हुई दर्दनाक घटना

चंद्रहास वैष्णव

नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील प्लांट के एसएमएस (SMS) विभाग में एक दर्दनाक हादसे में विभाग में कार्यरत ऑपरेटर मंगल साय की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पिघले लोहे की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। मृतक मंगल साय की उम्र लगभग 30 से 32 वर्ष बताई जा रही है और वह छोटे देवड़ा का निवासी था। घटना के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल, डिमरापाल के मर्चुरी में भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।

इस घटना ने एक बार फिर नगरनार स्टील प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर कर्मचारियों की जान की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी प्लांट के भीतर इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके, सुरक्षा इंतजामों को लेकर प्रबंधन की जवाबदेही हमेशा चर्चा का विषय रही है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर प्लांट के भीतर बार-बार इस तरह के हादसे क्यों हो रहे हैं? क्या कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है? क्या भारी मशीनों और लोहे के संचालन के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपाय अपनाए जा रहे हैं?

प्लांट की चारदीवारी के भीतर होने वाली घटनाओं की वास्तविक और निष्पक्ष जानकारी सार्वजनिक करने की जिम्मेदारी प्रबंधन की है। लेकिन पूर्व में भी कई मामलों में प्रबंधन की ओर से स्पष्ट जानकारी देने के बजाय सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तकनीकी पहलुओं का हवाला देकर गोलमोल जवाब दिए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं।

अब आवश्यकता केवल हादसे के बाद औपचारिक जानकारी देने की नहीं, बल्कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा करने और यह सुनिश्चित करने की है कि भविष्य में किसी अन्य कर्मचारी को अपनी जान न गंवानी पड़े।
सवाल यह है कि आखिर नगरनार स्टील प्लांट में कर्मचारियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या मंगल साइन की मौत के बाद प्रबंधन कोई ठोस कदम उठाएगा या यह मामला भी अन्य घटनाओं की तरह जांच और जवाबों के बीच दबकर रह जाएगा?