रायपुर,रिपुदमन सिंह बैस
रायपुर/कांकेर। व्यवसायी से रिश्वत मांगने और रिश्वत स्वीकार करने के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई के बाद राज्य कर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्य कर आयुक्त, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार राज्य कर सहायक आयुक्त, कांकेर वृत्त की अधिकारी अंचला गिरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जारी आदेश में उल्लेख है कि सुश्री अंचला गिरी के विरुद्ध व्यवसायी से रिश्वत मांगने एवं रिश्वत स्वीकार करने के संबंध में एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा कार्रवाई की गई थी। विभिन्न समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से प्राप्त जानकारी के आधार पर उन्हें कथित रूप से रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथ पकड़े जाने का उल्लेख आदेश में किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि किसी शासकीय सेवक द्वारा अपने पद से संबंधित दायित्वों के निर्वहन के दौरान रिश्वत की मांग करना अथवा रिश्वत स्वीकार करना गंभीर कदाचरण की श्रेणी में आता है। इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 में निहित अपेक्षित आचरण के प्रतिकूल माना गया है।
इसी के चलते छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9(1)(क) एवं 9(1)(ख) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए अंचला गिरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में मुख्यालय जगदलपुर संभाग के राज्य कर संयुक्त आयुक्त कार्यालय निर्धारित किया गया है। आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
