*बस्तर पंडुम 2026: मुख्यमंत्री ने लोगो व थीम गीत का किया विमोचन, बोले—बस्तर पंडुम बस्तर की आत्मा*

चंद्रहास वैष्णव

बस्तर अंचल की समृद्ध जनजातीय कला, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण व संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित होने वाले बस्तर पंडुम 2026 का शुभारंभ माँ दंतेश्वरी के पावन मंदिर प्रांगण से हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर पंडुम 2026 के लोगो एवं थीम गीत का विधिवत विमोचन किया।

मुख्यमंत्री साय ने नववर्ष की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बस्तर पंडुम केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि बस्तर की आत्मा है। यह मंच जनजातीय नृत्य, गीत, वाद्ययंत्र, शिल्प, व्यंजन, वन-औषधि और लोकपरंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की असली पहचान उसकी आदिवासी संस्कृति में निहित है और सरकार का संकल्प है कि इस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाया जाए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बस्तर पंडुम को और अधिक भव्य बनाया जा रहा है ताकि बस्तर की धरोहर को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान मिल सके। इस बार प्रतियोगिताओं की विधाएँ 7 से बढ़ाकर 12 की गई हैं तथा आयोजन तीन चरणों में होगा।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ‘पंडुम’ का अर्थ पर्व होता है और बस्तर में परंपरागत रूप से पर्वों के माध्यम से खुशियाँ मनाई जाती हैं। माँ दंतेश्वरी के आशीर्वाद से इस महोत्सव की शुरुआत बस्तर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊँचाई देगी। वन मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर की सांस्कृतिक विविधता को गर्व का विषय बताते हुए कहा कि इस आयोजन से बस्तर को वैश्विक मंच पर पहचान मिलेगी। संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि सरकार लगातार दूसरे वर्ष बस्तर पंडुम का आयोजन कर रही है और इस बार 12 विधाओं में प्रतियोगिताएँ होंगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री एवं अतिथियों ने बस्तर संभाग के मांझी, चालकी, गायता, पुजारी, समाज प्रमुखों एवं पद्म सम्मानित कलाकारों से संवाद किया। उल्लेखनीय है कि बस्तर पंडुम 2026 का आयोजन 10 जनवरी से 5 फरवरी 2026 तक तीन चरणों—जनपद, जिला एवं संभाग स्तर—पर किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से बस्तर की कला, शिल्प, खान-पान, बोली-भाषा, आंचलिक साहित्य और वन-औषधि के संरक्षण व प्रचार-प्रसार को नई दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री एवं प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद महेश कश्यप, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम आटमी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं समाज प्रमुख उपस्थित रहे।

Express MPCG