चंद्रहास वैष्णव
जगदलपुर | 1 जनवरी 2026
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम जनमानस को सुरक्षित यातायात के प्रति सजग करने के उद्देश्य से आज ‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026’ का भव्य आगाज हुआ। पुलिस अधीक्षक कार्यालय जगदलपुर से पुलिस अधीक्षक बस्तर,शलभ कुमार सिन्हा ने ‘यातायात जागरूकता रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
महीने भर चलेगा सघन अभियान
यह जागरूकता रथ अगले 30 दिनों तक लगातार जिले के विभिन्न शहरी क्षेत्रों, ग्रामीण कस्बों, चौक-चौराहों, साप्ताहिक हाट-बाजारों, स्कूलों और कॉलेजों में भ्रमण करेगा। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पहुँचकर लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करना है।
आधुनिक तरीके से दी जाएगी जानकारी
जागरूकता रथ केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें तकनीक और शिक्षा का समावेश भी किया गया है:
लघु फिल्म व वीडियो: रथ के माध्यम से सड़क सुरक्षा पर आधारित फिल्में दिखाई जाएंगी ताकि लोग दुर्घटना के वास्तविक कारणों को समझ सकें।
गुड सेमेरिटन लॉ: दुर्घटना में घायलों की मदद करने वालों को कानूनी संरक्षण देने वाले ‘गुड सेमेरिटन लॉ’ (नेक फरिश्ता कानून) की जानकारी दी जाएगी।
प्रचार सामग्री: पोस्टर और पंपलेट के जरिए शासन द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं और नियमों की जानकारी घर-घर पहुँचाई जाएगी।
अधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) संतोष जैन, यातायात प्रभारी मधुसूदन नाग, एएसआई प्रवीण जोशी, प्रधान आरक्षक प्रकाश देवांगन सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय और यातायात विभाग का स्टाफ मौजूद रहा।
“सुरक्षित सफर ही सुरक्षित जीवन है”
पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा ने जनता से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय ओवर स्पीडिंग और ओवरटेकिंग से बचें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं और सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को अस्पताल पहुँचाने में निडर होकर मदद करें।
