NMDC पर निविदा नियम बदलकर चहेते को फायदा पहुंचाने का आरोप, कांग्रेस करेगी पीएमओ से शिकायत

चंद्रहास वैष्णव

जगदलपुर | 31 दिसंबर 2025
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने आज राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में एनएमडीसी (NMDC) पर गंभीर आरोप लगाए। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में मौर्य ने कहा कि एनएमडीसी ने अपने चहेते निजी संस्थान को लाभ पहुंचाने के लिए निविदा के नियमों में मनमाना बदलाव किया है, जिससे अन्य दावेदार स्वतः ही दौड़ से बाहर हो गए।

सुशील मौर्य ने साक्ष्यों के साथ आरोप लगाया कि पहले जहां सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के निर्माण स्थल में बदलाव किया गया, वहीं अब डिमरापाल में अस्पताल बनकर तैयार होने के बावजूद एनएमडीसी उसके संचालन से पीछे हट रही है और उसे निजी हाथों में सौंपने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक उपक्रमों से निविदा आमंत्रित करने के बावजूद शर्तों में ऐसे बदलाव किए गए हैं, जिससे अंततः केवल एक निजी कंपनी को ही संचालन सौंपा जा सके। मौर्य ने आरोप लगाया कि करीब 300 करोड़ रुपये में अस्पताल को पसंदीदा कंपनी को सौंपने की साजिश रची गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले की शिकायत पीएमओ तक करेगी और इसे लेकर व्यापक आंदोलन भी किया जाएगा।

पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने एनएमडीसी पर सीएसआर मद के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ग्राम पंचायतों के विकास के लिए नियमित रूप से सीएसआर फंड जारी किया जाता रहा, लेकिन अब दो वर्षों से बस्तर की पंचायतों को इससे वंचित किया जा रहा है। उन्होंने एनएमडीसी से तत्काल ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों के लिए सीएसआर राशि जारी करने की मांग की।

महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष लता निषाद और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता जावेद खान ने उप मुख्यमंत्री एवं बस्तर प्रभारी मंत्री विजय शर्मा पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्री बस्तर के दौरे तो करते हैं, लेकिन शासकीय विभागों की समीक्षा बैठकें नहीं लेते, जिसका नतीजा यह है कि स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हो चुकी हैं।

उन्होंने नेतानार के चित्तलगुर पंचायत के गुढ़ियापदर गांव का हवाला देते हुए बताया कि एंबुलेंस न मिलने के कारण परिजनों को मरीज को चारपाई पर लेटाकर मीलों दूर ले जाना पड़ा, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ। नेताओं ने सवाल किया कि क्या इस घटना के बाद प्रभारी मंत्री ने कोई समीक्षा बैठक की या पीड़ित परिवार की सुध ली।

सुशील मौर्य ने कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि प्रभारी मंत्री कथावाचक को सरकारी विमान उपलब्ध कराने से फुर्सत निकालें, तो बस्तर के मरीजों को समय पर एंबुलेंस दिलाने जैसे मूलभूत मुद्दों पर ध्यान दें, जिसके लिए जनता ने उन्हें चुना है।

प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक रेखचंद जैन, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, महामंत्री अभिषेक नायडू, जाहिद हुसैन, युवा कांग्रेस अध्यक्ष निकेत राज झा, संतोष सेठिया, सुषमा सुता, ललिता राव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Express MPCG