CSR फंड के नाम पर ठगी का जाल उजागर — बस्तर पुलिस ने साइबर नेटवर्क की बड़ी कड़ी दबोची, NGO संचालक से 7.25 लाख उड़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार

चंद्रहास वैष्णव

बस्तर पुलिस ने साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए CSR फंडिंग के नाम पर NGO संचालक को ठगने वाले आरोपी सूर्यकांत सोनी (46), निवासी कैलाश नगर, कवर्धा को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व और एएसपी माहेश्वर नाग, सीएसपी सुमित कुमार डी. धोत्रे के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

 

मामला तब सामने आया जब ‘मां शारदा लोक कला मंच’ के संचालक मिनेश पाणिग्रही ने थाना बोधघाट में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार आरोपी सूर्यकांत ने स्वयं को CSR फंडिंग से जुड़ा व्यक्ति बताकर संपर्क किया और सोशल वर्क के लिए बड़े फंड दिलवाने का झांसा दिया। फिर अपने साथी दिब्येंदु सरकार के साथ मिलकर सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र के तहत प्रार्थी का विश्वास जीतकर उसका बैंक अकाउंट से लिंक मोबाइल सिम, पैन कार्ड, आधार कार्ड व बैंक संबंधी विवरण हासिल कर लिया।

इन दस्तावेजों का दुरुपयोग कर आरोपी ने वेस्ट बंगाल स्थित अन्य साथियों को डिटेल उपलब्ध कराई और गैंग ने मिलकर प्रार्थी के बैंक खाते से ₹7,25,000 रुपये विभिन्न तरीकों से निकाल लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम गठित की। तकनीकी ट्रेसिंग और खुफिया जानकारी के आधार पर टीम ने कवर्धा में दबिश दी और आरोपी सूर्यकांत सोनी को उसके घर से हिरासत में लिया।

पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया और फ्रॉड में इस्तेमाल वीवो मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पुलिस को शक है कि यह गिरोह कई राज्यों में सक्रिय है और NGO को लक्ष्य बनाकर CSR फंडिंग का लालच देकर ठगी करता है।

आरोपी के खिलाफ धारा 318(4), 61, 3.5 BNS तथा 66(D) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Express MPCG