चंद्रहास वैष्णव
जगदलपुर। करपावंड थाना क्षेत्र के ग्राम पाथरी में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपने नवजात बच्चे को जंगल में झाड़ियों के बीच मरने के लिए छोड़ दिया। घटना की जानकारी एक ग्रामीण बच्चे ने दी, जो लकड़ी बीनने जंगल गया था। बच्चे को देखने के बाद उसने तुरंत गांव वालों को सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और करपावंड पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने बताया कि नवजात को तुरंत मितानिन की मदद से बकावंड अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए मेकाज रेफर किया गया है। बच्चे की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस बच्चे की मां की तलाश में जुट गई है। आसपास के गांवों में पूछताछ की जा रही है और मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया है, लेकिन अब तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी मेकाज के सामने डिमरापाल आश्रम के पास एक नवजात को जंगल में फेंकने का मामला सामने आया था, जिसमें दो दिन इलाज के बाद बच्चे की मौत हो गई थी।
