कोंडागांव न्यूज __
फागू यादव, 
कोंडागांव, 31 मई 2025: शहीदों के सरताज, शांतिप्रिय एवं सिक्ख धर्म के पंचम गुरु श्री गुरु अर्जुन देव जी का शहीदी पर्व कोंडागांव में श्रद्धा, भक्ति एवं समर्पण के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सिख संगत ने गुरुद्वारा परिसर में विशेष धार्मिक आयोजन किए और गुरु जी की महान शहादत को स्मरण किया।
जानकारी के अनुसार, मुगल बादशाह जहांगीर के आदेश पर श्री गुरु अर्जुन देव जी को 30 मई 1606 को लाहौर (अब पाकिस्तान में) में गर्म तवे पर बैठा कर तथा सिर पर गर्म रेत डाल कर शहीद कर दिया गया था। उनकी इस बलिदान गाथा को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए कोंडागांव स्थित गुरुद्वारा में 21 दिनों तक सुखमणि साहिब का पाठ किया गया।
मुख्य आयोजन 30 मई को सुबह 11 बजे शुरू हुआ, जिसमें सुखमणि साहिब पाठ के उपरांत ज्ञानी गुरप्रीत सिंह जी ने कथा-कीर्तन के माध्यम से संगत को गुरु जी की वाणी और उनके बलिदान की महिमा से अवगत कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
समाज सेवा की भावना के साथ, संगत द्वारा राहगीरों के लिए छबील (ठंडा शरबत), प्रसाद और विशाल लंगर का आयोजन किया गया। इस सेवा के माध्यम से गुरु जी के बलिदान, शांति और सेवा भाव की प्रेरणा को समाज तक पहुंचाया गया।
गुरुद्वारा समिति ने बताया कि इस तरह के आयोजन समाज में आपसी भाईचारे और धार्मिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
