हादसे से नहीं लिया सबक! बड़े बेंदरी में फिर सड़क पर मक्का सुखा रहे ग्रामीण, जान जोखिम में – प्रशासन अब भी खामोश

कोंडागांव न्यूज__
फागू यादव,

कोंडागांव, 26 मई 2025: जिले के ग्राम पंचायत बड़े बेंदरी में सड़क को धान-मक्का सुखाने का मैदान बना देना अब जानलेवा साबित हो रहा है, लेकिन हैरानी की बात है कि एक बड़े हादसे के बावजूद न तो ग्रामीण चेत रहे हैं और न ही प्रशासन की नींद खुल रही है। 14 मई की रात इसी लापरवाही का भयावह परिणाम सामने आया था जब बाइक सवार एक दंपति अपने बच्चे के साथ हादसे का शिकार हो गया था। इस दर्दनाक हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चार वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया था।

हादसे को अभी कुछ ही दिन बीते हैं और आज सोमवार को एक बार फिर से बड़े बेंदरी गांव से सामने आए वीडियो ने प्रशासनिक उदासीनता और ग्रामीणों की बेपरवाही को उजागर कर दिया है। सड़क पर फिर से मक्का सुखाया जा रहा है, जिससे न केवल यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही है, बल्कि राहगीरों की जान भी दांव पर लगी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी और लचर निगरानी के चलते कुछ किसान अब भी खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। सार्वजनिक सड़क पर अन्न सुखाना कानूनन प्रतिबंधित है, बावजूद इसके कार्रवाई का अभाव इन लापरवाहों के हौसले बढ़ा रहा है।

ग्रामीणों ने तीखी नाराजगी जताते हुए जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।

क्या प्रशासन किसी और जान की कुर्बानी का इंतजार कर रहा है? यह सवाल अब हर जिम्मेदार नागरिक के मन में उठ रहा है। सड़कें आमजन की संपत्ति हैं, न कि किसी की निजी सुखाई जमीन। समय रहते चेतना अब जरूरी हो गया है।

Express MPCG