कोंडागांव ब्रेकिंग न्यूज___
फागू यादव, 
कोंडागांव, छत्तीसगढ़ 6 मई 2025: जिले के आदर्श कन्या छात्रावास की छात्राएं आज कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर अपनी वर्षों पुरानी मांग को लेकर जिलाधीश को ज्ञापन सौंपने आईं। छात्राओं ने मांग की कि छात्रावास में अधीक्षिका, रसोईया और अन्य जरूरी कर्मचारियों की नियुक्ति शीघ्र की जाए ताकि उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ भोजन और अन्य दैनिक जरूरतों की चिंता न करनी पड़े।
छात्राओं ने बताया कि छात्रावास के दो भवन पूर्ण रूप से तैयार हैं, लेकिन कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण छात्रावास संचालन ठप पड़ा है। दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को न केवल खुद राशन जुटाना पड़ता है, बल्कि उन्हें खाना पकाने से लेकर साफ-सफाई तक की जिम्मेदारी भी उठानी पड़ रही है। इसका सीधा असर उनकी पढ़ाई और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।
चार वर्षों से लंबित है समाधान, सुरक्षा भी गंभीर मुद्दा
छात्राओं का कहना है कि यह समस्या पिछले चार वर्षों से बनी हुई है और कई बार ज्ञापन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। एक अधीक्षिका की अनुपस्थिति से छात्राओं की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती जा रही है। कोई महिला अधीक्षक न होने से आपात स्थिति में छात्राओं को किसी जिम्मेदार अधिकारी का सहयोग नहीं मिल पाता।
छात्राओं ने जिलाधीश से अपील की है कि वे जल्द से जल्द इस समस्या को गंभीरता से लें और छात्रावास में जरूरी कर्मचारियों की नियुक्ति कराएं ताकि छात्राएं सुरक्षित और तनावमुक्त वातावरण में अपनी शिक्षा पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
शिक्षा का अधिकार तभी सार्थक होगा जब मूलभूत सुविधाएं हों उपलब्ध
विशेषज्ञों का मानना है कि छात्रावास जैसी संस्थाएं बालिकाओं को उच्च शिक्षा की दिशा में सशक्त बनाती हैं, लेकिन यदि प्रशासनिक लापरवाही के चलते मूलभूत व्यवस्थाएं भी उपलब्ध न हों तो यह न केवल शिक्षा के अधिकार का हनन है, बल्कि बच्चियों की सुरक्षा के साथ भी समझौता है।
