आशीष कुमार दुबे

नरसिंहपुर । जबलपुर कमिश्नर अभय वर्मा ने जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर श्री वर्मा ने सिविल सर्जन नरसिंहपुर से जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों, उन्हें भोजन- नाश्ता, यहां प्रतिमाह होने वाले प्रसव, दवाईयों की उपलब्धता, शिशु चिकित्सा, पोषण पुनर्वास केन्द्र आदि के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने इलाज के लिए आये मरीजों एवं उनके परिजनों से भी चर्चा की। परिजनों ने बताया कि जिला चिकित्सालय में उन्हें किसी प्रकार की तकलीफ इलाज के दौरान नहीं हुई। दवाईयां चिकित्सालय में मिल गई।
कमिश्नर श्री वर्मा ने सिविल सर्जन को मरीजों की तत्काल सोनोग्राफी कराने के निर्देश दिये। उन्होंने एएनसी वार्ड में भर्ती मरीजों से अस्पताल से मिलने वाले भोजन के बारे में तथा लेबर रूम में मरीजों के हुए ऑपरेशन के बारे में तथा चिकित्सकों द्वारा किए जा रहे उपचार की जानकारी ली।
अस्पताल भ्रमण के दौरान अस्पताल परिसर में पर्याप्त साफ- सफाई नहीं पाये जाने पर संभागायुक्त श्री वर्मा ने अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए अनुबंधित एजेंसी पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने अस्पताल प्रबंधक को साफ- सफाई की नियमित रूप से सतत मानीटरिंग करने के निर्देश दिये। जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर में विषय- विशेषज्ञ चिकित्सकों में कार्यरत चिकित्कों के नाम सहित उपलब्धता की जानकारी ली और कमी होने पर राज्य स्तर पर विषय- विशेषज्ञ चिकित्सकों की पूर्ति के लिए मांग पत्र भेजने के निर्देश दिये। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश बोहरे ने बताया कि शासन स्तर से नियुक्तियां होनी हैं। उन्होंने ब्लड बैंक में ब्लड की ग्रुपवार उपलब्धता की जानकारी ली एवं इमरजेंसी में आने वाले मरीजों के लिए पर्याप्त मात्रा में ब्लड उपलब्ध कराये जाने निर्देश दिये। साथ ही ब्लड डोनेशन कैम्प भी सतत रूप से आयोजित करने के लिए निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले, सीईओ जिला पंचायत श्री दलीप कुमार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश बोहरे, सिविल सर्जन, अन्य अधिकारी, अस्पताल प्रबंधक, जिला कार्यक्रम प्रबंधक और जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर के समस्त अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
