पुलिस प्रशिक्षण शाला में 41वां दीक्षांत परेड समारोह आयोजित, महाराणा रहे प्रथम, अनुशासन के लिए संजय हुए सम्मानित

आर एस भटनागर


जगदलपुर। पुलिस प्रशिक्षण शाला जगदलपुर में 41वां दीक्षांत परेड समारोह डीआईजी दंतेवाड़ा कमलोचन कश्यप के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इसमें प्रदेश के विभिन्न वाहिनियों के 148 प्रशिक्षित जवान व प्रधान आरक्षक सम्मिलित हुए। इस प्रशिक्षण सत्र में सीएएफ के आरक्षक महाराणा प्रताप सिंह ने प्रथम व सीटीजेडब्ल्यू कांकेर के आरक्षक सतीश ठाकुर ने दूसरा स्थान हासिल किया। दोनों को पुरस्कृत किया गया। वहीं उत्तम अनुशासन के लिए बांगो कोरबा के आरक्षक संजय कुमार को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि डीआईजी कमलोचन कश्यप ने कहा कि यह संस्था नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को दृष्टि में रखकर वर्ष 1993 में स्थापित की गई थी और स्थापना के उद्देश्य के अनुरूप यह संस्था विगत वर्षों से उत्तरोत्तर प्रगति करते हुए पुलिस विभाग में भर्ती हुये जिला पुलिस बल व छसबल के पुलिस जवानों को बेहतर प्रशिक्षण देते आ रही है। प्रशिक्षण प्राप्त करना अथवा किसी कार्य विशेष के प्रति प्रशिक्षित होना उस कार्य को बेहतर तरीके से करने के प्रति प्रोत्साहित करती है और यह आत्मविश्वास विभिन्न विपरीत परिस्थितियों में जवानों को बेहतर सेवा हेतु प्रेरित करती है।

किसी भी स्थान पर पदस्थापना के दौरान प्रशिक्षण से प्राप्त बौद्धिक ज्ञान, शारीरिक क्षमता व हथियारों की विभिन्न प्रकार की सीख जवानों को मानसिक, शारीरिक और बौद्धिक दृष्टि से मजबूत करना इस प्रशिक्षण का मुख्य उददेश्य है। जिससे किसी भी नक्सल प्रभावित क्षेत्र में पदस्थापना की जाती है तो समाज के उत्थान सहित भयमुक्त समाज बनाने में जवानों की महती भूमिका होगी। संस्था प्रमुख एमआर मंडावी द्वारा प्रशिक्षित जवानों व प्रधान आरक्षकों को शपथ ग्रहण कराया गया।

Express MPCG