चंद्रहास वैष्णव 
जिले से पिकनिक भ्रमण पर निकले युवकों की स्कार्पियो वाहन मंगलवार रात भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा थाना मारडूम क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मेंद्री मेन रोड पुलिया के पास रात्रि लगभग 8 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार ग्राम देवपरसूली थाना पिपरछेड़ी जिला गरियाबंद से स्कार्पियो वाहन क्रमांक CG 23 P 1719 में चालक सहित कुल 13 लोग सवार होकर 28 जनवरी 2026 को पिकनिक भ्रमण के लिए निकले थे। दल ने देवपरसूली से विशाखापट्टनम, फिर जगन्नाथपुरी की यात्रा की और 2 फरवरी को दंतेवाड़ा पहुंचा, जहां रात्रि विश्राम किया गया। 3 फरवरी को सभी लोग दंतेवाड़ा से बारसुर घूमते हुए चित्रकोट की ओर रवाना हुए थे।
रात्रि करीब 8 बजे ग्राम मेंद्री के पास मुख्य मार्ग पर स्थित पुलिया के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगे कहुआ पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कार्पियो मुख्य मार्ग के बीचोबीच पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही थाना मारडूम पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर लोहंडीगुड़ा अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान रूपेन्द्र नेताम पिता हेम सिंह नेताम उम्र 22 वर्ष, खिलेश्वर नेताम पिता हीरालाल नेताम उम्र 19 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम देवपरसूली, तथा रामरतन ठाकुर पिता सेवकराम उम्र 19 वर्ष निवासी विजयपुर (छुरा के पास) के रूप में की गई है। हादसे में छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि तीन को सामान्य चोटें लगी हैं। चार अन्य यात्रियों को कोई चोट नहीं आई है और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज डिमरापाल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शव सीएचसी लोहंडीगुड़ा में सुरक्षित रखे गए हैं। पुलिस ने मृतक एवं घायल व्यक्तियों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम सहित आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे के कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

Leave a Reply