यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर 
कांकेर। संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में सतगुरु बाबा गुरुबचन सिंह जी महाराज की पावन स्मृति में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। संत निरंकारी मिशन द्वारा मानवता की सेवा के उद्देश्य से वर्ष 1986 से रक्तदान की यह मुहिम सतगुरु बाबा हरदेव सिंह जी महाराज के प्रेरणादायी संदेश के साथ देशभर की संत निरंकारी मिशन की शाखाओं में निरंतर संचालित की जा रही है। अब तक मिशन द्वारा लगभग 15 लाख यूनिट रक्तदान किया जा चुका है।
इसी सेवा श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए संत निरंकारी मिशन कांकेर ब्रांच द्वारा विगत 11 वर्षों से लगातार विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। वर्तमान सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के प्रेरणादायी मार्गदर्शन एवं शिक्षाओं से प्रेरित होकर इस वर्ष भी रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह शिविर दिनांक 29 सितंबर 2026, मंगलवार को प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक संत निरंकारी सत्संग भवन, सिटी सेंटर मॉल के पीछे, अघन नगर, कांकेर में आयोजित होगा।
शिविर में जिला अस्पताल एवं रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से प्रशिक्षित चिकित्सकों तथा ब्लड बैंक की टीम द्वारा रक्तदान की संपूर्ण प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। रक्तदाताओं की सुविधा एवं सेवा के लिए नाश्ता, भोजन, जूस, कॉफी एवं फलों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
संत निरंकारी मिशन के मीडिया प्रभारी श्री विक्रम देवनानी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि रक्तदान के माध्यम से मानव जीवन बचाने की दिशा में मिशन द्वारा निरंतर सेवा कार्य किए जा रहे हैं।
वहीं शिविर के संयोजक श्री राजा देवनानी ने बताया कि प्रत्येक वर्ष रक्तदान शिविर में युवाओं के साथ-साथ माताओं एवं बहनों में भी रक्तदान के प्रति उत्साह लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में रक्तदान को लेकर कई प्रकार की भ्रांतियां हैं, विशेषकर यह धारणा कि रक्तदान करने से शरीर में कमजोरी आती है। लेकिन जब लोग रक्तदान करने वाले लोगों का उत्साह और स्वस्थ जीवन देखते हैं, तो उनकी भ्रांतियां दूर होती हैं और वे स्वयं भी रक्तदान के लिए आगे आते हैं।
उन्होंने कहा कि रक्त का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। एक व्यक्ति द्वारा स्वेच्छा से किए गए रक्तदान से ही जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। इसलिए समस्त जनमानस से अपील है कि मानवता के इस पावन कार्य में सहभागी बनें और अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करें।
संत निरंकारी मिशन के सतगुरु बाबा हरदेव सिंह जी महाराज का संदेश है—
“रक्त नाड़ियों में बहे, नालियों में नहीं।”
मानव जीवन की सार्थकता इसी में है कि हम एक-दूसरे के काम आएं और जरूरत के समय एक-दूसरे का सहारा बनें।
“मानव को मानव हो प्यारा,
इक दूजे का बने सहारा।”
“रक्तदान महादान किसी के जीवन की मुस्कान”
संत निरंकारी मिशन कांकेर ब्रांच ने सभी युवाओं, माताओं-बहनों एवं आम नागरिकों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने तथा रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान देने की अपील की है।
