यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर 
कांकेर। लगातार तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बावजूद कांकेर शहर और दूध नदी से लगे क्षेत्रों में गंभीर बाढ़ की स्थिति नहीं बनने को कांग्रेस नेताओं ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान कराए गए बाढ़-सुरक्षा एवं जल निकासी के महत्वपूर्ण कार्यों का परिणाम बताया है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सदस्य एवं पूर्व राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी तथा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बसंत यादव ने संयुक्त बयान में कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कांकेर को बाढ़, जलभराव और दूध नदी के कटाव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के उद्देश्य से लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत से रिटेनिंग वॉल, सीवरेज नाला, नदी तट संरक्षण एवं कटाव-रोधी कार्य कराए गए थे।
राजेश तिवारी ने इस राशि की स्वीकृति से जुड़े घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के कांकेर प्रवास के दौरान उन्होंने स्वयं कांकेर की इस गंभीर समस्या और इसके स्थायी समाधान की आवश्यकता को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा था। उस समय तिवारी मुख्यमंत्री के सलाहकार के रूप में कार्यरत थे।
राजेश तिवारी ने कहा, “कांकेर में दूध नदी के कारण बरसात के समय उत्पन्न होने वाली बाढ़ और कटाव की समस्या से मैं भली-भांति परिचित था। माननीय मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल जब कांकेर प्रवास पर आए, तब मैंने उनके समक्ष इस समस्या को प्रमुखता से रखा और कांकेर शहर को बाढ़ से स्थायी सुरक्षा देने के लिए रिटेनिंग वॉल, नाला निर्माण एवं नदी तट संरक्षण के कार्यों हेतु राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया।”
उन्होंने बताया, “प्रारंभिक प्रस्ताव लगभग 27 करोड़ रुपये के आसपास था। मैंने मुख्यमंत्री जी के समक्ष इस कार्य की आवश्यकता और कांकेर की परिस्थितियों को विस्तार से रखा तथा इसे स्वीकृत कराने के लिए लगातार प्रयास किया। आगे कार्यों की आवश्यकता और विस्तारित स्वरूप के अनुसार यह राशि बढ़कर लगभग 34 करोड़ रुपये हुई। कांग्रेस सरकार ने कांकेर की जनता के हित में इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए राशि उपलब्ध कराई और आज उसका परिणाम हमारे सामने है।”
राजेश तिवारी ने कहा कि उनका उद्देश्य उस समय केवल तत्काल राहत दिलाना नहीं, बल्कि कांकेर शहर के लिए ऐसी स्थायी व्यवस्था तैयार कराना था जिससे आने वाले वर्षों में भी दूध नदी में बढ़ने वाले जलस्तर, कटाव और बाढ़ से शहर को सुरक्षा मिल सके।
उन्होंने कहा, “आज जब लगातार तीन दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है और उसके बावजूद कांकेर शहर गंभीर बाढ़ की स्थिति से सुरक्षित है, तब संतोष होता है कि उस समय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी के समक्ष रखी गई हमारी मांग और उसके लिए किए गए प्रयास आज कांकेर की जनता के काम आ रहे हैं। लगभग 34 करोड़ रुपये से बनी यह बाढ़-सुरक्षा अधोसंरचना केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि कांकेर शहर की दीर्घकालीन सुरक्षा के लिए किया गया निवेश था।”
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बसंत यादव ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने कांकेर में केवल तात्कालिक समस्याओं को देखकर काम नहीं किया, बल्कि भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना तैयार की। राजेश तिवारी ने तत्कालीन मुख्यमंत्री के सलाहकार रहते हुए कांकेर की इस महत्वपूर्ण मांग को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समक्ष रखा और राशि स्वीकृत कराने के लिए लगातार प्रयास किए।
बसंत यादव ने कहा, “तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के बावजूद कांकेर में गंभीर बाढ़ की स्थिति नहीं बनी है। आज शहर को मिल रही इस सुरक्षा के पीछे कांग्रेस सरकार के समय किए गए स्थायी विकास कार्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है। राजेश तिवारी जी ने मुख्यमंत्री के सलाहकार रहते हुए कांकेर की आवश्यकता को शासन तक पहुंचाया और इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए राशि स्वीकृत कराने में प्रयास किया।”
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता के हित में दूरदृष्टि के साथ किए गए विकास कार्यों की वास्तविक उपयोगिता कठिन परिस्थितियों में सामने आती है। दूध नदी के किनारे निर्मित रिटेनिंग वॉल, जल निकासी व्यवस्था तथा कटाव-रोधी कार्य आज भारी बारिश के बीच कांकेर के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था के रूप में काम कर रहे हैं।
राजेश तिवारी एवं बसंत यादव ने लगातार बारिश को देखते हुए कांकेरवासियों से सतर्क रहने, दूध नदी एवं नालों के तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील भी की।
