*बालोद: नियमित साफ-सफाई नहीं होने से जाम हुई नालियां शंकर नगर बना तालाब,,,,लोग हो रहे परेशान*

विनोद जैन

*बालोद* – नगर पालिका परिषद बालोद की लापरवाही का खामियाजा वार्ड क्रमांक 19 शंकर नगर के रहवासियों को भुगतना पड़ रहा है। दो दिन से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच नालियों की नियमित साफ-सफाई नहीं होने से पूरी नाली जाम हो गई है और नाली का गंदा पानी लोगों के घरों और आंगन में घुस गया है।

*घरों के आंगन तक बदबूदार पानी, बीमारी का खतरा*
वार्डवासियों ने बताया कि सुबह 4 बजे से ही नाली का पानी ओवरफ्लो होकर घरों में घुसने लगा। गंदे पानी से पूरे मोहल्ले में बदबू फैल गई है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की पूरी संभावना है। बच्चों और बुजुर्गों में बीमारी फैलने का खतरा बन गया है।

*पालिका प्रशासन पर गंभीर आरोप*
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि महीनों से वार्ड में नाली की सफाई नहीं हुई है। कई बार नगर पालिका में शिकायत करने के बाद भी केवल आश्वासन दिया जाता है। सफाई कर्मचारी नियमित नहीं आते। बरसात से पहले नालियों की सफाई का दावा करने वाली पालिका की पोल पहली ही बारिश ने खोल दी है।

*वार्डवासियों की मांग:*
1. तत्काल जेसीबी और सफाई अमले को भेजकर नालियों की सफाई कराई जाए।
2. घरों में घुसे पानी की निकासी के लिए पंप की व्यवस्था की जाए।
3. भविष्य में नालियों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।