चंद्रहास वैष्णव

जगदलपुर के लालबाग मैदान, सन सिटी मोड़ के पास सार्वजनिक स्थान पर देशी कट्टा और जिंदा कारतूस लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले युवक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हाथ में कट्टा लेकर सड़क से गुजरने वाले लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान अजय राजपूत (29 वर्ष), निवासी महाराणा प्रताप वार्ड क्रमांक 47, नया नाका, जगदलपुर के रूप में की है। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को विधिवत जब्त कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे और साइबर प्रभारी चंद्रहास सिंह के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर लोगों में भय पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर सहित कोतवाली पुलिस के अधिकारी और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
