विनोद जैन
बालोद – राज्य शासन द्वारा जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ संचालित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय बालोद में युवाओं की रचनात्मकता देखते ही बन रही है। उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता के जरिए कॉलेज की छात्राओं ने रंगों के खूबसूरत संयोजन से ’सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की है।
महाविद्यालय की छात्रा सुश्री हेमलता उइके एवं उनकी सहपाठियों ने उत्साहपूर्वक बताया कि आज महाविद्यालय में बड़ी संख्या में छात्राओं ने आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से ’विकसित भारत 2047’ की परिकल्पना को उकेरा है। छात्रा हेमलता ने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए रंगोलियों से अवगत कराते हुए बताया कि उनकी रंगोलियों में शिक्षित भारत, समृद्ध भारत, स्वच्छ भारत और स्वस्थ भारत के संकल्पों को समाहित किया गया है। इसके साथ ही देश की वैज्ञानिक प्रगति को रेखांकित करते हुए इसरो के अंतरिक्ष मिशन, रॉकेट प्रक्षेपण, 5-जी तकनीक और तकनीकी आत्मनिर्भरता को भी विशेष रूप से उकेरा गया है।
छात्राओं द्वारा तैयार की गई रंगोलियों में ‘सेव द टाइगर’ के माध्यम से वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे की गरिमा को भी बेहद सुंदर ढंग से प्रदर्शित किया गया। महाविद्यालय के गलियारों में सजी इन कलाकृतियों ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि युवा पीढ़ी न केवल आधुनिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी के साथ आगे बढ़ रही है, बल्कि पर्यावरण संतुलन और सांस्कृतिक एकता के प्रति भी पूरी तरह सजग है।
प्रतिभागी छात्राओं ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित इस गतिविधि ने उन्हें अपनी कला के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की सोच को साझा करने का बेहतरीन मंच प्रदान किया है। महाविद्यालय प्रबंधन एवं प्राध्यापकों ने छात्राओं के इस रचनात्मक और प्रेरणादायी प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
