*सड़क पर मवेशियों को दुर्घटनाओं से बचाने प्रशासन अलर्ट* *चारामा में मवेशियों के गले में बांधे जा रहे रेडियम बेल्ट* *पशुपालकों को दी जा रही समझाइश*

चारामा,दिनेश साहू

चारामा@ सड़क पर खुले में घूमने वाले मवेशियों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नगर पंचायत चारामा और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में प्रशासन द्वारा सड़क पर उतरकर मवेशियों के गले में रेडियम वाले बेल्ट बांधे जा रहे हैं, ताकि रात के समय वाहन चालकों को सड़क पर मौजूद मवेशी दूर से नजर आ सकें और दुर्घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।
वहीं पशु चिकित्सा विभाग की सरकारी वाहनों के माध्यम से भी लोगों में जागरूकता लाने का प्रयास किया जा रहा है। पशुपालकों से अपील की जा रही है कि वे अपने मवेशियों को खुले में सड़क पर न छोड़ें और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि सड़क पर मवेशी पाए जाते हैं तो संबंधित पशुपालक पर 1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है।
हाल के दिनों में सड़क पर बैठे मवेशियों के कारण हुई दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रशासन की यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मवेशियों की सुरक्षा के साथ-साथ वाहन चालकों और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।