बस्तर जिला दवा विक्रेता संघ की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, प्रशांत सरडे फिर बने अध्यक्ष

चंद्रहास वैष्णव

जगदलपुर। बस्तर जिला दवा विक्रेता संघ का त्रिवार्षिक चुनाव 2026 बिनाका हेरिटेज होटल में संपन्न हुआ। चुनाव के बाद नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। समारोह में संगठन के सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रशांत सरडे ने पुनः अध्यक्ष पद की शपथ ली। वहीं मोहम्मद असद खान ने उपाध्यक्ष, सतीश शुक्ला ने सचिव, रोहित महापात्र ने कोषाध्यक्ष, दिनेश पांडे ने सह-सचिव, विनोद श्रीवास्तव ने संगठन सचिव तथा योगेश तिवारी ने पीआरओ पद की शपथ ग्रहण की।

कार्यक्रम में वरिष्ठ केमिस्ट शाहिद जाफरी, अनिल मालवीय, थॉमस चाको, नितेश शुक्ला, पवित्र साह, आलोक अर्जपाल, दिलीप कुंड, अभिषेक जैन, मनोज बुलवानी, दीपक पांडे, राकेश ढाली, आशीष मंडल, बालाजी नायडू, मनीष तिवारी, आशीष सरडे सहित युवा केमिस्ट रोहित शर्मा की विशेष उपस्थिति रही।

समारोह में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से करीब 200 केमिस्टों ने सहभागिता की। उपस्थित सदस्यों ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने तथा दवा विक्रेताओं से जुड़े मुद्दों और हितों के लिए निरंतर कार्य करने की अपेक्षा जताई।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए दवा विक्रेता समुदाय के हितों को प्राथमिकता देने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने की बात कही। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।