यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
दिनांक 19 सितंबर 2026 को ग्राम पंचायत बालेंगा में 33वीं असम राइफल्स के अमर शहीद जवान श्री रंजीत कश्यप जी के शहीद स्मारक का भव्य अनावरण समारोह संपन्न हुआ। इस गरिमामय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर विधायक श्री लखेश्वर बघेल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ज्ञात हो कि 19 सितंबर 2025 को असम-मणिपुर क्षेत्र में देश की रक्षा करते हुए 33वीं असम राइफल्स के वीर जवान रंजीत कश्यप जी ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मनों से लोहा लिया और अपने प्राणों की आहुति दे दी। उनकी पावन स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए ग्राम बालेंगा में इस शहीद स्मारक एवं प्रतिमा का निर्माण किया गया । मूर्ति अनावरण के दौरान पूरा बालेंगा गांव “शहीद रंजीत कश्यप अमर रहें” के देशभक्ति नारों से गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने शहीद रंजीत कश्यप जी की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ”एक सैनिक हर विषम परिस्थिति में अपने घर-परिवार से दूर रहकर सदैव ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से देश सेवा में समर्पित रहता है। शहीद रंजीत कश्यप का यह बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।” कार्यक्रम में पूर्व सैनिक सेवा परिषद के पदाधिकारियों द्वारा भी शहीद जवान के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें नमन किया गया। इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के जिलाध्यक्ष सूरज यादव, फरसगांव ब्लॉक सचिव रिकेश कुँवर , सदस्य श्रीकांत तिवारी, बाबूलाल देवाँगन, जागेशर श्रीवास, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण तथा ग्राम पंचायत बालेंगा के समस्त ग्रामवासी भारी संख्या में उपस्थित रहे।
