ब्यूरो रिपोर्ट 
भानुप्रतापपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी का रविवार को पीएम श्री स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल भानुप्रतापपुर में सामूहिक रूप से सीधा प्रसारण सुना गया। बूथ क्रमांक 84 में आयोजित कार्यक्रम में स्कूल के छात्र-छात्राओं सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रचार-प्रसार मंत्री एवं शाला प्रबंधन विकास समिति के अध्यक्ष नरोत्तम सिंह चौहान, नगर पंचायत के एल्डरमैन जुगल किशोर शर्मा, किसान मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी लक्ष्मण कुलदीप, दैनिक भास्कर के संवाददाता सुमंत सिन्हा, गणित विषय के व्याख्याता प्रवीण साहू सहित कक्षा 11वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ में मुनगा (सहजन) के उपयोग के माध्यम से कुपोषण से मुक्ति के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने भगवान श्री गणेश की भक्ति और थाईलैंड में गणेश आराधना से जुड़े विषयों का भी उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने 9/11 की घटना का स्मरण करते हुए आतंकवाद के खिलाफ भारत की दृढ़ प्रतिबद्धता की बात कही और आतंकवादियों के कृत्यों को नहीं भूलने का संदेश दिया। इसके अलावा उन्होंने जनगणना के महत्व पर चर्चा की तथा बताया कि जनगणना की प्रक्रिया के तहत प्रथम गांव माड़ा में भी कार्य प्रारंभ किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को देश में हो रहे विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक कार्यों की जानकारी मिलती है तथा उनमें राष्ट्र एवं समाज के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
