*दीपक पुड़ो ने मुख्यमंत्री से की दुर्गुकोंदल में नवीन मर्चुरी भवन निर्माण की मांग* *जर्जर मर्चुरी भवन से बढ़ी परेशानी, दीपक पुड़ो ने सर्वसुविधायुक्त शव परीक्षण भवन की रखी मांग*

अंतागढ़, ब्यूरो रिपोर्ट

अंतागढ़ 27 सितंबर 2026।@विकासखंड मुख्यालय दुर्गुकोंदल में स्थित वर्तमान शव परीक्षण (मर्चुरी) भवन जर्जर एवं पुराना होने के कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में चिकित्सकीय अमले तथा मृतकों के परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए भाजपा युवा मोर्चा कांकेर के जिला मीडिया प्रभारी दीपक पुड़ो ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 27 सितंबर 2026 को अंतागढ़ प्रवास पर मुख्यमंत्री के नाम आवेदन देकर दुर्गुकोंदल में नवीन एवं सर्वसुविधायुक्त मर्चुरी भवन निर्माण कराने की मांग की है।
दीपक पुड़ो ने आवेदन में बताया कि दुर्गुकोंदल विकासखंड के अंतर्गत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्र आते हैं। सड़क दुर्घटना, प्राकृतिक आपदा तथा अन्य आकस्मिक घटनाओं में मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गुकोंदल लाया जाता है। वर्तमान भवन की स्थिति खराब होने के साथ ही आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है।
*बरसात में बढ़ जाती है परेशानी*
वर्षा ऋतु में जर्जर भवन के कारण पोस्टमार्टम के दौरान परेशानी और बढ़ जाती है। इससे चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ मृतकों के परिजनों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। दीपक पुड़ो ने कहा कि शव परीक्षण जैसी संवेदनशील प्रक्रिया के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित भवन का होना आवश्यक है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि दुर्गुकोंदल ब्लॉक मुख्यालय में नए मर्चुरी भवन के लिए आवश्यक बजट एवं स्वीकृति प्रदान की जाए। भवन में पोस्टमार्टम कक्ष, पर्याप्त बिजली-प्रकाश, स्वच्छ पेयजल, जल निकासी, आवश्यक उपकरण एवं शव रखने की समुचित व्यवस्था सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की है।