*रिक्त स्वास्थ्य पदों की पूर्ति को लेकर कुसुम शर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री से की चर्चा, शीघ्र नियुक्ति का मिला आश्वासन*

विनोद जैन

डौंडीलोहारा। क्षेत्र में बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भाजपा मंडल अध्यक्ष कुसुम शर्मा ने डौंडीलोहारा विकासखंड के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में रिक्त चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के पदों को शीघ्र भरने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से चर्चा कर ग्रामीण क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था और आम जनता को हो रही परेशानियों से अवगत कराया। स्वास्थ्य मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एल. उइके को आवश्यक कार्रवाई एवं रिक्त पदों की पूर्ति के लिए निर्देशित किया तथा शीघ्र नियुक्ति का आश्वासन दिया।
कुसुम शर्मा ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुबचेरा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अरजपुरी तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंगचुवा में चिकित्सा अधिकारी के पद रिक्त हैं। इसके अलावा विकासखंड डौंडीलोहारा में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO), एएनएम एवं आरएचओ के विभिन्न पद भी रिक्त हैं।
उन्होंने बताया कि रिक्त पदों की पूर्ति के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, बालोद डॉ. जे.एल. उइके को मांगपत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष भी इस विषय को प्रमुखता से रखते हुए शीघ्र नियुक्तियां करने का आग्रह किया गया।
कुसुम शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्र आम जनता के लिए चिकित्सा सुविधा का सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के पद रिक्त रहने से मरीजों को उपचार के लिए दूरस्थ अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। इससे ग्रामीणों को अतिरिक्त समय, आर्थिक खर्च और असुविधा का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि रिक्त पदों की पूर्ति होने से क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श, जांच और उपचार की सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। वहीं एएनएम, आरएचओ एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की पर्याप्त उपलब्धता से टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे कार्यों को भी गति मिलेगी।
कुसुम शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधा किसी भी क्षेत्र के विकास की मूल आवश्यकता है। प्रत्येक नागरिक को समय पर उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश के बाद सीएमएचओ डॉ. जे.एल. उइके के स्तर से आवश्यक प्रक्रिया तेज होगी और रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि उनकी मांग का उद्देश्य डौंडीलोहारा विकासखंड के प्रत्येक नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों एवं आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता से ग्रामीण जनता को बड़ी राहत मिलेगी और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकेगा।