
आर एस भटनागर
जगदलपुर। ओडिशा से लाई जा रही अवैध अंग्रेजी शराब छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिश को नगरनार पुलिस ने नाकाम कर दिया है। बताया जाता है कि एक कार में करीब 40 हजार रूपए से ज्यादा की अंग्रेजी शराब के साथ ही पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से कार समेत अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक बीते दिनों ओडिशा से एक कार में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब लाने की खबर पुलिस को मुखबिर से मिली। इस पर नगरनार पुलिस ने चोकावाड़ा के पास रेलवे फाटक पर नाकाबंदी करते हुए कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाते हुए नाकेबंदी को तोड़ने का प्रयास किया। इसी बीच अनियंत्रित हुई कार सड़क से नीचे उतर गई और झाड़ी में फंस गई।
झाड़ियों में कार फंस जाने से आरोपी जंगल के रास्ते भाग निकलने में कामयाब हो गए। इसके बाद जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो कार में किंगफिशर बीयर 9 पेटी, कैन बीयर, किंगफिशर प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बीयर 11 पेटी, अंग्रेजी शराब मैकडॉल्स नं. 1 96 नग पौव्वा, कुल करीब 40632 रूपए की शराब बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने जांच के दौरान दबोच लिया है। आरोपियों में ओडिशा के उमरकोट निवासी विवेक सरकार 55 साल और दंतेवाड़ा के सुब्रत मंडल 40 साल को गिरफ्तार करने में पुलिस को कामयाबी मिली।
आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक खोमराज ठाकुर, सहायक उपनिरीक्षक सतीश यादव, प्रधान आरक्षक अहिलेष नाग, आरक्षक जोगेश्वर कश्यप, सैनिक जगन्नाथ नाग शामिल रहे।
