फागु यादव

कोंडागांव नगर पालिका अंतर्गत 12 वार्डो में पिछले चार दिनों से जल आपूर्ति बाधित हो गई है। जिसे लेकर नगर वासी पेयजल के लिए काफी परेशान है। आपको बता दे नगर पालिका के पंप हाउस में लगे मुख्य मोटर पंप में आई तकनीकी खराबी के चलते यह समस्या उत्पन्न हुई है। बताया जा रहा है यह समस्या पिछले चार दिनों से है पर अब तक इसे संबंधित अधिकारीयों के द्वारा दुरुस्त नही कराया गया है। वहीं इस मामले को लेकर उप अभियंता नगर पालिका कोंडागांव के गिरजा शंकर परते ने मरम्मत कार्य को लेकर लेबर नही मिलने का गैर जिम्मेदराना हवाला दिया है। मिली जानकारी अनुसार क्षेत्र के सरगीपाल, तहसीलपारा, दीनदयाल उपाध्याय वार्ड, DNK, भेलवापदर, शीतलपारा, बाजार पारा, मरारपारा, अस्पताल वार्ड, भगतसिंह वार्ड, अंबेडकर वार्ड एवम विवेकानंद वार्ड में पेयजल आपूर्ति बाधित हुई है। वहीं इन वार्डो में नगर पालिका द्वारा टैंकरों से पानी सप्लाई की जा रही है जो की अपर्याप्त बताई जा रही है। पिछले चार दिनों से विभिन्न वार्डों में पानी सप्लाई नहीं होने से वार्ड वासियों सहित वार्ड पार्षदों में भी चिंता बनी हुई है। 20 नवंबर को पार्षद योगेंद्र पोयम ने जानकारी देते हुए बताया की नारंगी नदी पर बने जोंधरापदर डेम से ही नगर के 22 वार्डो में से 12 वार्डो में जल सप्लाई की जाती है वहीं प्रशासन से की गई मांग के बाद डैम में एनीकेट लगाए गए हैं परंतु लापरवाही पूर्वक लगाए गए एनीकेट से नदी का जल पूरी तरह लीकेज हो रहा है जिससे जल का संरक्षण नही हो पा रहा। यही हाल रहा तो गर्मी के मौसम से पूर्व ही नगर में जल संकट गहरा जाएगा।
