आर एस भटनागर
जगदलपुर। सनातन क्षेत्रीय मंच (सक्षम) 25 दिसंबर को तुलसी पूजन महोत्सव का आयोजन करेगा। इसे लेकर पूरे 10 दिनों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तुलसी पूजन दिवस के मौके पर ग्रामीण क्षेत्रों में तुलसी चौरा सजाओ स्पर्धा होगी, वहीं 26 दिसंबर को शहर में भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। महोत्सव का समापन सुंदरकांड के पाठ और प्रसाद वितरण से किया जाएगा।
बताया जाता है कि सभी कार्यक्रम माईं दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण में आयोजित किए जाएंगे। 20 से 29 दिसंबर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए सनातन धर्म के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही धर्मांतरण पर रोक लगाने का प्रयास किया जाएगा। सक्षम अध्यक्ष अविनाश सिंह गौतम ने बताया कि 10 दिनों तक चलने वाले आयोजनों में शहर के लोगों से बड़ी संख्या में हिस्सा लेने अपील की गई है।
तुलसी पूजन महोत्सव मनाने को लेकर सक्षम पदाधिकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। इसके साथ ही उन्हें पूरे कार्यक्रम की जानकारी भी दी गई है। सक्षम अध्यक्ष अविनाश ने बताया कि तुलसी चौरा सजाओ स्पर्धा में सर्वश्रेष्ठ सजावट को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भक्ति गीत व संगीत पर कलाकार अपनी प्रस्तुति भी देंगे।
26 दिसंबर को निकलने वाली शोभायात्रा और 27 दिसंबर को निकाली जाने वाली कलश यात्रा की शुरूआत माईं दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण से होगी। शोभायात्रा व कलश यात्रा गोल बाजार से मेन रोड होते हुए श्रीराम चौक से चांदनी चौक के रास्ते हॉस्पिटल रोड के रास्ते संजय बाजार से पैलेस रोड से गुजरते हुए माईं दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण में दोनों ही यात्राएं विसर्जित होंगी।
तुलसी पूजन महोत्सव का कार्यक्रम
– 20 से 24 दिसंबर तक तुलसी चौरा सजाओ स्पर्धा होगी
– 25 दिसंबर की शाम 5 बजे से सुंदरकांड का पाठ, फिर शाम 7 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे
– 26 दिसंबर को सभी आयोजनों के विजेताओं को पुरस्कृत कर दोपहर 2 बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी
– 27 दिसंबर को दोपहर 2 बजे से सक्षम आद्यनारायणी कलश यात्रा निकालेगी
– 28 दिसंबर को संजय बाजार स्थित हनुमान मंदिर में अखंड रामायण का पाठ कर प्रसाद वितरण किया जाएगा
– 29 दिसंबर की शाम 4 बजे से सुंदरकांड का पाठ कर प्रसाद वितरण किया जाएगा
