फागू यादव
कोंडागांव जिला मुख्यालय अंतर्गत चौपाटी मैदान से गांधी चौक तक आम आदमी पार्टी द्वारा 12 अगस्त को बदलाव पदयात्रा निकाली गई। आपको बता दे आम आदमी पार्टी ने बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, 24 घंटे मुफ्त बिजली, हर घर में मुफ्त शुद्ध पेयजल, महिलाओं का सम्मान, बेरोजगारों को रोजगार तथा मूलभूत सुविधाओं को लेकर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है। वहीं दिल्ली और पंजाब की भांति छत्तीसगढ़ में भी बदलाव को लेकर अपनी नीति को आमजन तक पहुंचाने का काम कर रही है। कोंडागांव मुख्यालय में निकाली गई बदलाव पदयात्रा के पश्चात आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आक्रोश पूर्ण रैली निकालकर कोंडागांव विधायक मोहन मरकाम के निवास का घेराव कर दिया। इस दौरान कोंडागांव कोतवाली पुलिस बड़ी संख्या में विधायक निवास के बाहर तैनात थी। आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव देवलाल नरेटी ने विधायक मोहन मरकाम पर गंभीर आरोप लगाते हुए मिडिया से कहा कि जिले में विपक्ष में बैठे नेता, मौजूद विधायक तथा ठेकेदारों की मिली भगत से कोंडागांव में भ्रष्टाचार पूर्वक कार्य किया जा रहा है। जिसके चलते कोंडागांव जिले में आम जनता तक मूलभूत सुविधाएं नहीं पहुंच पा रही है। विधायक निवास घेराव के दौरान आम आदमी पार्टी जिला अध्यक्ष शंकर लाल नेताम सहित प्रदेश पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिन्होंने जम कर विधायक मोहन मरकाम खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। वहीं विधायक मोहन मरकाम की निज सहायक को ज्ञापन भी सौंपा गया है।
