
आशीष दुबे
नरसिहपुर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री ऋजु बाफना ने विधानसभा चुनाव- 2023 के मद्देनजर नरसिंहपुर विधानसभा के ग्राम कठौतिया और इमलिया एवं तेंदुखेड़ा विधानसभा के ग्राम लोलरी, देवरी एवं गुटोरी के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया।
उन्होंने कठौतिया मतदान केन्द्र पर मौजूद बीएलओ से मतदाता सूची में नवीन मतदाताओं के जोड़े गये नाम एवं मृत मतदाताओं के नाम हटाये जाने की जानकारी ली। बीएलओ श्री गोपाल सिंह पटैल द्वारा मतदाता सूची का कार्य ठीक से नहीं किये जाने पर मानदेय काटने के निर्देश दिये। कलेक्टर सुश्री बाफना ने कहा कि मतदाता सूची त्रुटिरहित बनाने पर विशेष फोकस हो। इसके लिए बीएलओ डोर टू डोर सर्वे कार्य करे।80 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं का सत्यापन करें। नवविवाहित महिलाओं के नाम भी मतदाता सूची में शामिल हो।मतदान केन्द्र व्यवस्थित रूप से हो। जिन पुराने मतदान केन्द्रो को बदलने की आवश्यकता है उसका प्रस्ताव जिला निर्वाचन कार्यालय को प्रेषित करें। एसडीएम एवं तहसीलदार सभी मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर भौतिक सत्यापन करेंगे।
