यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
133 लावारिस शवों का अंतिम संस्कार कर चुकी समाज सेवी संस्था “जन सहयोग ” ने आज एक बार फिर एक ऐसे व्यक्ति का अंतिम संस्कार किया, जिसकी मृत्यु स्थानीय जिला अस्पताल में गत रात्रि हो चुकी थी और उसके परिवार वालों ने अंतिम संस्कार के लिए नहीं आ कर अपने पड़ोसियों को मृतक के ग्राम सेलूद (तहसील पाटन जिला दुर्ग ) से कांकेर भेज दिया। जो लोग अपना पड़ोसी धर्म निभाते हुए शव के अंतिम संस्कार के लिए कांकेर आए, उनके नाम हैं:- सुरेंद्र बंछोर ,नंद ठाकुर, चोवाराम ठाकुर, देवेश कश्यप, भूपेंद्र ठाकुर, दुष्यंत ठाकुर तथा अतुल ठाकुर। इन सज्जनों की प्रार्थना पर प्रशासन द्वारा सुरक्षित रखा गया शव जन सहयोग संस्था को अंतिम संस्कार हेतु सौंप दिया गया तत्पश्चात “जन सहयोग संस्था ” के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी तथा उनके साथी सहयोगी समाज सेवक ,संत कुमार रजक, राजेश चौहान, धीरज राजपूत, भूपेंद्र यादव तथा स्वर्गीय मोतीलाल जी के गांव से आए उपर्युक्त पड़ोसियों की उपस्थिति तथा सहयोग से शव का अंतिम संस्कार विधि विधान के साथ कर दिया गया। बताया जाता है कि नरहरपुर के आसपास कहीं पर कुछ दिनों पूर्व मोतीलाल ठाकुर कमजोरी और बेहोशी की अवस्था में गांव वालों को दिखाई दिया था, जिन्होंने उसे संजीवनी वाहन के द्वारा कांकेर जिला अस्पताल भिजवा दिया था, यहां उसे बचाने के बहुत प्रयत्न किए गए,” जन सहयोग ” ने भी सेवा की लेकिन मोतीलाल कुछ भी खाते नहीं थे और पानी भी बहुत कम पी रहे थे, इस कारण अत्यंत कमजोरी की अवस्था में उनकी विगत रात्रि मृत्यु हो गई । मृतक की दो लड़कियां बहुत दूर बस्तर तथा झारखंड में रहती हैं और रायपुर में रहने वाले उसके एकमात्र पुत्र ने आने से ही इंकार कर दिया था “जन सहयोग” द्वारा मोतीलाल का विधि-विधान सम्मान सहित अंतिम संस्कार कर दिया गया, जिसकी क्षेत्रीय जनता में बहुत आदर के साथ सराहना की जा रही है। मृतक के गांव के पड़ोसियों ने भी जो उपस्थित थे, उन्होंने “जनसहयोग संस्था” वालों की सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए स्वर्गीय मोतीलाल के अंतिम संस्कार हेतु आभार प्रदर्शन किया।
