यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर 
काँकेर । समाज सेवी संगठन “जन सहयोग” द्वारा आज शिक्षक दिवस के पुण्य अवसर पर तीन वरिष्ठ सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान उनके निवास स्थानों में जाकर किया गया। संगठन के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अनुसार वे प्रतिवर्ष शिक्षक दिवस के अवसर पर ऐसा ही सम्मान समारोह पहले भी कर चुके हैं तथा भविष्य में भी अपने गुरुजनों का यथायोग्य सम्मान करते रहेंगे। शिक्षक को हमारे देश में राष्ट्र निर्माता कहा गया है, जिनका दर्ज माता-पिता से कम नहीं माना जाता। विद्वानों ने यहां तक कहा है कि “गुरु गोविंद दोऊ खड़े, काके लागूं पाँय, बलिहारी गुरु आपने ,गोविंद दियो बताय,,,,,,,, पहले चरण सेवा गुरु की ही होनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने ही ईश्वर से हमें परिचित कराया है। आज “जन सहयोग” द्वारा सम्मानित शिक्षकों में भगवानजी भाई टांक ने अपने अभिनंदन पर अत्यंत अभिभूत होकर कहा कि अजय पप्पू मोटवानी और उनकी संस्था अनेक बड़े सामाजिक कार्य कर रहे हैं, जिनके लिए मेरा आशीर्वाद उनके साथ है । आज उन्होंने अपने साथियों सहित मुझे याद किया है। मुझे भी अपने बचपन के गुरुजन याद आने लगे हैं। “जन सहयोग” ने सेवानिवृत्त प्राचार्य बहादुर लाल तिवारीजी का भी सम्मान उनके निवास स्थान पर जाकर किया, जो आजकल अस्वस्थ चल रहे हैं। “जन सहयोग” ने सेवानिवृत्त अंग्रेज़ी भाषा के शिक्षक सैयद ज़ुल्फ़िकार अली का भी अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि मेरी आयु अब 84 वर्ष की है, फिर भी मैं बच्चों को पढ़ाता हूं। सेवा निवृत्ति के पश्चात मैं निजी स्कूलों में भी वर्षों तक शिक्षा प्रदान की है लेकिन इतने लंबे शिक्षकीय जीवन में मुझे अभिनंदन के नाम पर काग़ज़ का एक टुकड़ा भी कहीं से नहीं मिला था, इसीलिए आज आपके द्वारा जो मेरा सम्मान किया गया है, उससे मैं हृदय से अभिभूत हूं ,आप सबको मेरा आशीर्वाद है। आज के इस सादगीमय महत्वपूर्ण कार्यक्रम में अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी के अलावा राजकुमार फव्यानी वरिष्ठ पत्रकार अनुराग उपाध्याय, डॉ श्याम देव, धर्मेंद्र देव, जितेंद्र प्रताप देव,प्रवीण गुप्ता, शैलेंद्र देहारी, दिलीप कुमार गंजीर, गणेश तिवारी, वसंत ठाकुर वकील साहब, देवेश श्रीवास्तव तथा भूतपूर्व सैनिक टेश्वर जैन आदि वरिष्ठ जनों की उपस्थिति गरिमामय थी। शहर भर में गुरुजनों के अभिनंदन की प्रशंसा की जा रही है।
