*जगदलपुर में 3 आरोपी गिरफ्तार, 2.994 किलो प्रतिबंधित डोडा जब्त बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे थे आरोपी, जब्त मादक पदार्थ की कीमत 29,940 रुपये*

चंद्रहास वैष्णव

जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित डोडा (पॉपी स्ट्रॉ) की तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 2.994 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 29,940 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया।

पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर की शाम थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेटगुड़ा स्थित रेलवे स्कूल ग्राउंड के पास दो व्यक्ति डोडा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर किशोर दास (45), निवासी मेटावाड़ा और अंबर कश्यप (37), निवासी मेटगुड़ा, जगदलपुर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके संयुक्त कब्जे से आठ पैकेट में 1.021 किलोग्राम डोडा बरामद हुआ।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने महादेवघाट निवासी अस्सू देवांगन (45) के साथ मिलकर डोडा की अवैध बिक्री करने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने हाटकछोरा मेन रोड पर कार्रवाई करते हुए अस्सू देवांगन को पकड़ा। उसके ट्रॉली बैग से नौ पैकेट में 1.973 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक, मादक पदार्थ रखने, परिवहन करने और बिक्री के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए विशेष एनडीपीएस न्यायालय में पेश किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट टामेश्वर चौहान के नेतृत्व वाली टीम ने की। कार्रवाई में थाना बोधघाट के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हेडलाइन को और प्रभावी बनाएं
कॉपी को टेलीविजन शैली में लिखें
खबर को 100 शब्दों में करें