* सड़क परियोजना से प्रभावित किसानों की समस्याओं पर कांग्रेस जांच समिति ने जिला कांग्रेस कमेटी को सौंपी रिपोर्ट जिलाध्यक्ष बसंत यादव के निर्देश पर गठित जांच समिति ने किया प्रभावित गांवों का निरीक्षण, जलभराव, फसल नुकसान, लंबित मुआवजा एवं स्कूली बच्चों के आवागमन की समस्याएं आईं सामने*

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कांकेर। भारतमाला सड़क परियोजना के अंतर्गत रायपुर से विशाखापट्टनम राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य से प्रभावित किसानों एवं ग्रामीणों की समस्याओं की वास्तविक स्थिति जानने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के अध्यक्ष श्री बसंत यादव के निर्देशानुसार पूर्व में गठित जांच समिति ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर अपनी जांच रिपोर्ट जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय कांकेर में प्रस्तुत कर दी है।

जांच समिति के अध्यक्ष पूर्व विधायक श्री शंकर ध्रुवा के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने प्रभावित गांवों का दौरा कर किसानों एवं ग्रामीणों से सीधे चर्चा की तथा उनकी समस्याओं की जानकारी एकत्रित की। इस दौरान प्रभावित किसानों के मौखिक एवं लिखित बयान के साथ संबंधित दस्तावेज भी संकलित किए गए।

जांच समिति की रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि भारतमाला सड़क निर्माण के कारण कई स्थानों पर खेतों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई है, जिससे किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं। वहीं खेतों तक आने-जाने के लिए समुचित रास्ता नहीं होने के कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण से प्रभावित कुछ किसानों ने अब तक मुआवजा राशि प्राप्त नहीं होने की शिकायत भी समिति के समक्ष रखी है।

स्कूली बच्चों के आवागमन की समस्या भी रिपोर्ट में शामिल

जांच समिति ने ग्राम मावलीपारा में संचालित हाईस्कूल तक पहुंच मार्ग की समस्या को भी अपनी रिपोर्ट में प्रमुखता से उठाया है। ग्रामीणों के अनुसार भारतमाला सड़क निर्माण के दौरान बच्चों के सुरक्षित आवागमन के लिए फ्लाईओवर पुल निर्माण की मांग की गई थी। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिए जाने की बात भी कही, लेकिन अब तक पुल का निर्माण नहीं होने से विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

किसानों एवं ग्रामीणों की समस्याओं को जल्द प्रशासन के समक्ष रखेगी जिला कांग्रेस कमेटी

जांच समिति द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट को जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर ने संज्ञान में लिया है। रिपोर्ट में उल्लेखित समस्याओं का अध्ययन कर उनके निराकरण के लिए शीघ्र ही संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा करने तथा आवश्यक पहल करने की बात कही गई है।

जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के अध्यक्ष श्री बसंत यादव ने प्रभावित किसानों एवं ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं एवं न्यायसंगत मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि किसानों के खेतों में जलभराव, फसल नुकसान, लंबित मुआवजा, खेतों तक पहुंच मार्ग तथा स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन जैसी समस्याओं का शीघ्र समाधान होना आवश्यक है। जिला कांग्रेस कमेटी प्रभावित किसानों एवं ग्रामीणों के साथ खड़ी है और आगे भी उनके हितों के लिए आवश्यक पहल करती रहेगी।

किसानों एवं आम नागरिकों की समस्याओं के उचित समाधान के लिए संबंधित विभागों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया जाएगा।

जांच समिति में ये सदस्य रहे शामिल

जिला कांग्रेस अध्यक्ष कांकेर के निर्देशानुसार गठित जांच समिति में अध्यक्ष पूर्व विधायक श्री शंकर ध्रुवा सहित श्री वीरेश ठाकुर, श्री जनक नन्दन कश्यप, श्री पुरुषोत्तम पाटिल, श्री सरजू शोरी, श्री राजेश भास्कर, सुश्री मृदुला भास्कर, श्रीमती कौशल्या शोरी, श्री रोही दास शोरी, श्रीमती संजू लता नेताम, श्री सुमित राय एवं श्री भीखम शोरी शामिल रहे।

समिति द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर प्रभावित किसानों एवं ग्रामीणों की समस्याओं तथा उनकी न्यायसंगत मांगों को शीघ्र ही जिला प्रशासन के समक्ष रखेगी और निराकरण के लिए लगातार प्रयास करेगी।

जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया है कि प्रभावित किसानों एवं ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर किसानों एवं ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक एवं वैधानिक तरीके से आगे की पहल भी की जाएगी।