*तीन-चार दिनों से बिना फिटकरी सीधे घरों में भेजा जा रहा गंदा पानी!बालोद फिल्टर प्लांट में फिर खुला नपा के जीरो ट्रीटमेंट का काला सच: स्टोर रूम में बची केवल एक सिल्ली एलम*

विनोद जैन

बालोद। बालोद नगर पालिका की चरमराई जल प्रदाय व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही का एक और चौंकाने वाला प्रमाण सामने आया है। पिछले तीन-चार दिनों से शहर के घरों में नलों से आ रहे मटमैले व दूषित पानी की असली वजह अब किसी से छिपी नहीं है। 5 एमएलडी फिल्टर प्लांट के स्टोर रूम के ताजा विजुअल्स और तस्वीरों ने यह साबित कर दिया है कि प्लांट में जल शोधन के लिए आवश्यक फिटकरी (एलम) का स्टॉक एक बार फिर पूरी तरह खत्म हो चुका है।

स्टोर रूम की लाइव तस्वीर: 160 सिल्लियों की जगह फर्श पर पड़ी मिली सिर्फ 1 आखिरी सिल्ली

प्लांट के स्टोर रूम का जो ताजा तस्वीरें सामने आई हैं, वह पूरे नगर पालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर करारा तमाचा हैं। जिस दीवार के सहारे 160 सिल्लियों (4 टन एलम) का ढेर लगा था, वहां अब केवल खाली फर्श, मकड़ी के जाले, पुराने टायर और एक साइकिल खड़ी दिखाई दे रही है। पूरे गोदाम के बीचों-बीच फर्श पर लावारिस हालत में सिर्फ एक सिल्ली एलम पड़ी नजर आ रही है, जबकि एक तरफ फटी हुई बोरियों में चूने/केमिकल का ढेर बिखरा पड़ा है। स्टॉक शून्य होने के कारण पिछले तीन से चार दिनों से फिल्टर प्लांट में पानी का रासायनिक शुद्धिकरण पूरी तरह ठप है। बिना फिटकरी घोले सीधे तांदुला का कच्चा व गंदला पानी शहर की टंकियों में चढ़ाकर जनता के घरों में सप्लाई किया जा रहा है।

आखिर कहां खप गई 1.55 लाख की 160 सिल्लियां?

यह स्थिति तब है जब विगत अक्टूबर माह में ही भारी हंगामे के बाद नगर पालिका ने रायपुर की एक निजी फर्म से 39 प्रति किलो की दर पर 4 टन (160 सिल्लियां) एलम मंगाया था। अब शहर की जनता और जनप्रतिनिधि ये सवाल पूछ रहे हैं। सरकारी नियमावली के तहत 5 एमएलडी प्लांट में कम से कम 30 से 45 दिनों का केमिकल बफर स्टॉक अनिवार्य है। फिर हर महीने स्टॉक शून्य होने की नौबत क्यों आ रही है? इतनी जल्दी 4,000 किलो फिटकरी कैसे खत्म हो गई, या फिर स्टॉक रजिस्टर में केवल कागजी खपत दिखाकर शहर को बिना केमिकल का पानी पिलाया जा रहा है? क्या पूर्व में बिना लैब रिपोर्ट के उतारी गई सिल्लियों में एल्युमिना की मात्रा बेहद कम थी, जिसके कारण पानी साफ ही नहीं हो पाया?

महामारी का खतरा: पार्षदों-एल्डरमैन ने की सीधे कार्रवाही की मांग:

पिछले तीन-चार दिनों से बिना एलम के सप्लाई हो रहे इस दूषित जल के कारण शहर के वार्डों में पेट दर्द, उल्टी-दस्त, डायरिया और पीलिया फैलने का गंभीर खतरा मंडरा रहा है। जनप्रतिनिधियों ने स्टोर रूम की ताजा तश्वीरों को सबसे बड़ा सबूत बताते हुए कहा है कि यह सीधे तौर पर नागरिकों के जीवन से खिलवाड़ और भारतीय न्याय संहिता के तहत संज्ञेय अपराध है। जब तक जिम्मेदार तकनीकी अमले को निलंबित कर उनके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं किया जाता, तब तक बालोद की जनता को शुद्ध पेयजल नसीब नहीं हो सकता।