बस्तर दशहरा: ऐतिहासिक रथ परिक्रमा आज से, जगदलपुर में बदली यातायात व्यवस्था दंतेश्वरी मंदिर की ओर जाने वाले कई मार्गों पर चारपहिया और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित; श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए गए पार्किंग स्थल

चंद्रहास वैष्णव

बस्तर के ऐतिहासिक एवं विश्वप्रसिद्ध दशहरा पर्व के तहत आज से रथ परिक्रमा प्रारंभ हो रही है। इस दौरान मां दंतेश्वरी मंदिर और शहर के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित मार्गों पर चारपहिया एवं भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही, वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

##इन मार्गों पर चारपहिया एवं भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित##
रथ परिक्रमा के दौरान निम्नलिखित मार्गों पर चारपहिया एवं भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा—
* मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर के चारों ओर।
* संजय मार्केट से मिताली चौक तक।
* एसबीआई चौक से गोल बाजार की ओर।
* एमएलबी स्कूल से गोल बाजार की ओर।
* स्वर्गीय बलिराम कश्यप चौक से सिरहासार की ओर।
* दामोदर पेट्रोल पंप से मां दंतेश्वरी मंदिर की ओर।
* दुर्गा चौक से तिवारी बिल्डिंग की ओर।
* ठाकुर रोड गली से गोल बाजार की ओर।

भारी वाहनों के लिए बदले गए मार्ग
रायपुर, ओडिशा और जगदलपुर से दंतेवाड़ा की ओर जाने वाले भारी वाहन आड़ावाल–तेलीमारेंगा बाईपास मार्ग का उपयोग करेंगे।

बीजापुर, दंतेवाड़ा और गीदम की ओर से आने वाले भारी वाहन पदयात्रियों की भीड़ को देखते हुए गीदम पार करने के बाद सड़क किनारे निर्धारित खाली स्थान पर वाहन पार्क करेंगे और सुबह होने पर आगे बढ़ेंगे।

जगदलपुर/रायपुर से दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा की ओर जाने वाले भारी वाहन मारेंगा बाईपास के पास अपने वाहन पार्क करेंगे और सुबह होने पर आगे की यात्रा करेंगे।

नोट: जगदलपुर शहर में रात्रिकाल के दौरान भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
यात्री बसों और आपातकालीन वाहनों के लिए निर्देश

यात्री बसें अपने निर्धारित मार्गों पर आवागमन करते समय पैदल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए धीमी गति से चलेंगी। वहीं, आपातकालीन सेवाओं से संबंधित वाहनों को प्रतिबंध से छूट रहेगी।

##यहां कर सकेंगे वाहनों की पार्किंग##
श्रद्धालुओं और वाहन चालकों की सुविधा के लिए निम्नलिखित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है—

* डीईओ कार्यालय के बाजू में।
* बस्तर हाई स्कूल मैदान।
* पुराना बस स्टैंड।
* जैन मंदिर रोड, प्रतापदेव वार्ड पार्किंग।
* ठाकुर रोड पर अमृत होटल के सामने।
* बाफना लॉज गली स्थित पुराना कोर्ट परिसर।
* दामोदर पेट्रोल पंप की ओर निर्धारित स्थान।
*
प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और रथ परिक्रमा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।