*काले कपड़े पहनकर कांग्रेस पदाधिकारियों ने मनाया ‘काला दिवस’, कांकेर में किया विरोध प्रदर्शन राष्ट्रीय सदस्य राजेश तिवारी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की उठाई मांग, जिलाध्यक्ष बसंत यादव बोले—वोटर लिस्ट से काटे जा रहे नाम वापस जोड़े जाएं*

यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर

कांकेर, 08 अक्टूबर 2026 जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के तत्वावधान में गुरुवार को कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर ‘भारतीय लोकतंत्र के लिए काला दिवस’ के रूप में विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री बसंत यादव के निर्देशानुसार दोपहर 12 बजे राजीव भवन के सामने, ऊपर नीचे रोड, कांकेर में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया।

इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता काले रंग के कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन आयोग की जवाबदेही तथा दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और INDIA गठबंधन के सांसदों के साथ दुर्व्यवहार को लेकर अपना विरोध जताया।

कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर यह विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। कांग्रेस का आरोप है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA गठबंधन के सांसद निर्वाचन आयोग से जवाबदेही की मांग को लेकर शांतिपूर्वक जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान उन्हें रोकने के साथ ही राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित वरिष्ठ नेताओं एवं सांसदों के साथ कथित दुर्व्यवहार और लाठीचार्ज किया गया। इसी के विरोध में कांग्रेस ने 08 अक्टूबर को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया।

राष्ट्रीय सदस्य राजेश तिवारी ने कहा—लोकतंत्र में जनता की आवाज दबाना स्वीकार्य नहीं

विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सदस्य श्री राजेश तिवारी ने कहा कि जिस प्रकार लोकसभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, एवं INDIA गठबंधन के सांसदों के साथ पुलिस द्वारा बर्बरता की गई, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वाले विपक्षी नेताओं की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे नेताओं और सांसदों को रोका जा रहा है तथा उनके साथ मारपीट और लाठीचार्ज जैसी घटनाएं हो रही हैं।

राष्ट्रीय सदस्य राजेश तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक और जनप्रतिनिधि को अपनी बात रखने तथा शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराने का संवैधानिक अधिकार है। इस प्रकार की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस आज पूरे देश में काला दिवस मना रही है।

उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए वोट चोरी के मामले में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की जवाबदेही तय करने और उनके इस्तीफे की मांग की।

बसंत यादव बोले—‘वोट बचाव देश बचाव, मार्च के बाद आज काला दिवस मनाकर जताया विरोध

जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के अध्यक्ष श्री बसंत यादव ने कहा कि कांग्रेस द्वारा लोकतंत्र और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बीते दिन 07 अक्टूबर को वोटबचाव- देश बचाव ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे के साथ कांग्रेस ने मार्च एवं सभा आयोजित कर वोट चोरी के मुद्दे पर विरोध दर्ज कराया था।
इसी क्रम में आज 08 अक्टूबर को कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता काले कपड़े पहनकर काला दिवस मना रहे हैं।

बसंत यादव ने आरोप लगाया कि वर्तमान परिस्थितियों में मतदाता सूची से पात्र मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं, जिससे उनके मतदान के अधिकार पर असर पड़ सकता है। उन्होंने मांग की कि मतदाता सूची से गलत तरीके से हटाए गए पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़े जाएं तथा मतदाता सूची में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदाताओं के हितों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।

काले कपड़े पहनकर कांग्रेसजनों ने दर्ज कराया विरोध

कांकेर में आयोजित विरोध प्रदर्शन में राष्ट्रीय सदस्य श्री राजेश तिवारी एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बसंत यादव की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में कांग्रेस के विभिन्न संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर विरोध दर्ज कराया।

इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने लोकतांत्रिक अधिकारों, शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन की स्वतंत्रता, मतदाता सूची की पारदर्शिता तथा संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही का मुद्दा उठाया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना और शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को उठाना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।
आज के कार्यक्रम मै मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेश ठाकुर,आदिवासी कांग्रेस से सरजू शोरी, पूर्व महामंत्री पुरुषोत्तम पाटिल , भौम सिंह नाग, महामंत्री उदय प्रकाश शर्मा बंटी, गफ्फार मेमन, मनोज जैन, अजय भास्वानी, संग्राम नेताम, मृदुला भास्कर,ब्लॉक अध्यक्ष यासीन करानी, लोमेंद्र यादव, नेता प्रतिपक्ष अजय रेनू, विजय यादव,बबलू देवांगन, मतीन खान,मुकेश तिवारी, दीपक शोरी, चंद्रलोक ठाकुर, सोमेश सोनी,मकबूल खान, पुरुषोत्तम सिन्हा,बाबा ठाकुर, शेष गजबिय,आलोक श्रीवास्तव,रूपेंद्र बैस, शब्बीर मेमन, पवन कांगे, जिसन अली,सहित कोंग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे