यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर 
विकास नगर स्टेडियम कोंडागांव में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव द्वारा संचालित निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण केंद्र में शिक्षक दिवस का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में किया गया। प्रशिक्षण ले रहे युवक एवं युवतियों ने अपने मार्गदर्शक पूर्व सैनिकों (गुरुओं) के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए इस विशेष दिन को स्मरणीय बनाया। कार्यक्रम की शुरुआत में युवाओं द्वारा सभी पूर्व सैनिक गुरुओं का स्वागत गीत के साथ अभिनंदन किया गया तत्पश्चात तिलक लगाकर, पुष्प वर्षा कर एवं बुके भेंट कर गुरुओं का सम्मान किया गया और सभी गुरुओं ने केक काट कर शिक्षक दिवस मनाया lयुवाओं ने शिक्षक दिवस के महत्व पर विचार व्यक्त करते हुए प्रभावशाली भाषण दिए, साथ ही देशभक्ति एवं गुरु-शिष्य परंपरा पर आधारित गीत व कविताएं प्रस्तुत कीं। गुरुओं के लिए विशेष खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें फिल्म/गाना पहचानने का पर्ची खेल और आंखों पर पट्टी बांधकर मटका फोड़ प्रतियोगिता शामिल रही। प्रशिक्षणार्थियों ने अपने गुरुओं को सम्मान स्वरूप नारियल और कलम भेंट की l वहीं, सभी पूर्व सैनिकों ने बच्चों को उनके उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागांव के उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा ने युवाओं में नया जोश भरा। उन्होंने कहा, “आपका जो लक्ष्य है, उसे प्राप्त करना ही आपका पहला और अंतिम लक्ष्य होना चाहिए।” इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को बस्तर फाइटर की फिजिकल और लिखित परीक्षा की तैयारी पूरी निष्ठा से करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर संगठन के सह-सचिव रवि ठाकुर, सदस्य रतिराम सोरी, ढालेश साहू, श्रीकांत तिवारी , चंद्रहास वर्मा सहित 250 युवक एवं युवतियां उपस्थित रहें।
