यजुवेन्द्र सिंह ठाकुर
कांकेर
रावघाट परियोजना में कोयलीबेड़ा-अंतागढ़ को जोड़ने की मांग को लेकर 2000 कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों के साथ पदयात्रा; स्मार्ट मीटर, बढ़े बिजली बिल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के मुद्दे उठाए
फुलपाड़ में मृत छात्र हेमराज कुमेटी के परिजनों से मिले, बैहासालेभाट में वरिष्ठ कांग्रेसी अमलू राम दुग्गा से की सौजन्य भेंट; नरहरपुर में संगठन और आगामी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा
जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के अध्यक्ष बसंत यादव तीन दिवसीय सघन जिला दौरे पर हैं। दौरे के तहत वे रावघाट, ताड़ोकी, अंतागढ़, फुलपाड़, आमाबेड़ा, टीमनार, नरहरपुर एवं चारामा क्षेत्र में ग्रामीणों, आम नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर रहे हैं। दौरे में जनहित के मुद्दों के साथ संगठन की मजबूती और आगामी चुनाव की तैयारियों पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
*पहले दिन 2000 कार्यकर्ताओं* *और ग्रामीणों के साथ* पदयात्रा
दौरे के पहले दिन 2 सितंबर को बसंत यादव ने रावघाट परियोजना में कोयलीबेड़ा एवं अंतागढ़ क्षेत्र को जोड़ने की मांग, स्मार्ट मीटर एवं बढ़ते बिजली बिल के विरोध तथा सड़क सहित विभिन्न जनहित एवं क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर करीब 2000 कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों के साथ पदयात्रा की।
रावघाट-ताड़ोकी क्षेत्र से शुरू हुई पदयात्रा कलेपरस, आमागांव सहित विभिन्न गांवों से गुजरते हुए अंतागढ़ पहुंची। इस दौरान यादव ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने कहा कि वनांचल के लोगों की बुनियादी समस्याओं और जायज मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।
*बैहासालेभाट में वरिष्ठ कांग्रेसी* *अमलू राम दुग्गा से मुलाकात*
क्षेत्रीय दौरे के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष बसंत यादव ने ग्राम बैहासालेभाट पहुंचकर वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता अमलू राम दुग्गा से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों से भी क्षेत्र की परिस्थितियों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई।
*फुलपाड़ में मृत छात्र हेमराज* *कुमेटी को दी श्रद्धांजलि, परिजनों को बंधाया ढांढस*
रावघाट माइंस प्रभावित ग्राम फुलपाड़ में जिला कांग्रेस अध्यक्ष बसंत यादव ने संजय कुमेटी के निवास पहुंचकर उनके 12 वर्षीय पुत्र एवं कक्षा सातवीं के छात्र स्वर्गीय हेमराज कुमेटी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। हेमराज का 28 अगस्त को निधन हुआ था।
परिजनों ने उपचार के दौरान बीएसपी प्रबंधन के दंडकवन अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया। यादव ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान अंतागढ़ विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी रहे रूपसिंह पोटाई, सुभद्रा सलाम,वरिष्ठ कांग्रेसी रत्तीराम दुग्गा, कोयलीबेड़ा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल दर्रो, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सरवन यादव, ताड़ोकी क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता सामसाय उसेडी, श्यामलाल दर्रो, फुलपाड़ के पूर्व सरपंच एवं कांग्रेस कार्यकर्ता सुनील नुरूटी सहित स्थानीय ग्रामीण एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बसंत यादव ने कहा कि रावघाट माइंस प्रभावित क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, शिक्षा, स्थानीय रोजगार, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर कांग्रेस क्षेत्रवासियों के साथ मजबूती से आवाज उठाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की जायज मांगों को पूरा कराने के लिए कांग्रेस रावघाट क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर संघर्ष करेगी।
आमाबेड़ा में स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिल के खिलाफ अभियान
दौरे के दूसरे दिन 3 सितंबर को बसंत यादव आमाबेड़ा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष किशोर मरकाम के निवास पहुंचे और उनके पिता के निधन पर शोक व्यक्त कर परिजनों को ढांढस बंधाया।
इसके बाद स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिल के विरोध में जनजागरूकता अभियान चलाया। कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर संबंधित फॉर्म वितरित किए तथा उपभोक्ताओं से बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों की जानकारी ली।
टीमनार ओर मर्दापोटी मै कार्यकर्ताओं से संवाद, नरहरपुर में समीक्षा बैठक
आमाबेड़ा से बसंत यादव टीमनार में भंजन यादव और मर्दापोटी मै राजेश भास्कर जी के निवास पहुंचे, जहां कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर क्षेत्र की राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर जनता से संपर्क बढ़ाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
इसके बाद नरहरपुर में आयोजित संगठनात्मक समीक्षा बैठक में यादव ने स्मार्ट मीटर एवं बढ़ते बिजली बिल के विरोध में चल रहे अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में बूथ एवं ब्लॉक स्तर पर संगठन की स्थिति के साथ आगामी चुनाव की तैयारियों पर भी मंथन किया गया।
बसंत यादव 3 सितंबर की रात नरहरपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता के निवास पर रात्रि विश्राम करेंगे।
तीसरे दिन चारामा क्षेत्र का करेंगे दौरा
तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन 4 सितंबर को बसंत यादव नरहरपुर से रवाना होकर चारामा ब्लॉक के कुछ क्षेत्रों का दौरा करेंगे। यहां कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात कर क्षेत्रीय समस्याओं और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी लेंगे। इसके बाद वे अपने गृह क्षेत्र के लिए रवाना होंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी के अनुसार बसंत यादव का तीन दिवसीय जिला दौरा जनता से सीधा संवाद, रावघाट प्रभावित क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने, जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तथा कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर केंद्रित है।
